गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मांझा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के अगले ही दिन उसके पति का शव आम के पेड़ से लटका मिला। लगातार दो दिनों में हुई इन दो मौतों से इलाके में हड़कंप मच गया है। महिला के मायके वालों ने उसके पति पर हत्या का आरोप लगाया था। इसके बाद पति के शव मिलने से मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है।
मृतक की पहचान मांझा थाना क्षेत्र के भटवलिया गांव निवासी करीब 30 वर्षीय सुजीत प्रसाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पत्नी की मौत के बाद सुजीत घर से फरार था। इसी बीच मांझा थाना क्षेत्र के चंदन टोला बगीचा में उसका शव एक आम के पेड़ से लटका मिला। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
पत्नी की मौत के बाद मायके वालों ने सुजीत पर हत्या का आरोप लगाया था। अब उसके शव मिलने के बाद पुलिस दोनों घटनाओं को जोड़कर जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सुजीत ने आत्महत्या की या उसकी मौत के पीछे कोई अन्य वजह है। साथ ही महिला की संदिग्ध मौत और पति की मौत के बीच किसी तरह का संबंध है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद दोनों मौतों की परिस्थितियों को लेकर तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।

