धनबाद जिले के बाघमारा अंचल के दरिदा और लेढ़ीडूमर गांवों में लगभग 100 एकड़ से अधिक सरकारी जमीन पर अवैध कब्ज़ा कर चहारदीवारी खड़ी करने का मामला विधायक सरयू राय ने विधानसभा में उठाया था। उन्होंने सरकार से मांग की थी कि किसानों को उनकी जमीन वापस दिलाई जाए और अब तक की जांच को लागू न करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
उधर, धनबाद उपायुक्त के प्रतिवेदन में यह स्पष्ट किया गया है कि मौजा–दरिदा, मौजा नंबर–120, खाता संख्या–271 की भूमि पर अवैध रूप से चहारदीवारी खड़ी की गई थी। इस पर अतिक्रमण वाद सं.–7/2024–25 दायर कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने का आदेश पारित किया गया है।
इसी कड़ी में बाघमारा अंचल कार्यालय ने 22 अगस्त 2025 को पत्रांक 1158 जारी करते हुए 8 सितंबर 2025 की तिथि तय की है। इस दिन कार्रवाई के दौरान किसी तरह की बाधा न हो, इसके लिए धनबाद अनुमंडल पदाधिकारी से मजिस्ट्रेट की तैनाती के साथ सशस्त्र बल एवं महिला बल (लाठी पार्टी) उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
प्रशासन ने कहा है कि तय तिथि पर अवैध कब्ज़ा पूरी तरह हटाया जाएगा और कार्रवाई के बाद अंतिम प्रतिवेदन सरकार को सौंपा जाएगा।

