जंबू अखाड़ा की पहल: 23 नवंबर को भालुबासा में भव्य सामूहिक विवाह की तैयारी जोरों पर!

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: श्रीश्री विजय बजरंग मंदिर जंबू अखाड़ा समिति, भालुबासा, जमशेदपुर, एक बार फिर सामाजिक एकता और सहयोग का परिचय देने जा रही है। समिति की ओर से आगामी 23 नवंबर 2025 रविवार को पांच जोड़ों का भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह लगातार दूसरा वर्ष है, जब समिति जरूरतमंद परिवारों के लिए यह सराहनीय आयोजन कर रही है।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य
जंबू अखाड़ा समिति के सदस्य बंटी सिंह ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य उन जरूरतमंद व आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सामाजिक सहयोग प्रदान करना है, जो आर्थिक तंगी के कारण अपने बच्चों का विवाह गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न नहीं कर पाते। समिति सुनिश्चित करेगी कि सभी पांच जोड़ों का विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हो।

रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया हुई पूरी
बंटी सिंह ने बताया कि समिति ने इच्छुक वर-वधू पक्षों से 1 नवंबर तक रजिस्ट्रेशन कराने का अनुरोध किया था। उन्हें जंबू अखाड़ा कार्यालय में आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र की फोटोकॉपी और स्वास्थ्य जांच प्रमाण पत्र जमा कराकर निश्शुल्क रजिस्ट्रेशन कराना था। निर्धारित तिथि तक रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है और अब विवाह की तैयारियां जोरो-शोरो पर चल रही हैं।

तिथि: 23 नवंबर 2025, रविवार

स्थान: भालुबासा रेडियो मैदान, जमशेदपुर

जोड़ों की संख्या: 5

शुल्क: वर व वधू पक्ष से किसी भी प्रकार का कोई शुल्क नहीं लिया गया है।

सामाजिक एकता का प्रतीक
समिति इस वर्ष कार्यक्रम को और अधिक भव्यता व सामाजिक एकता के प्रतीक के रूप में संपन्न करने की तैयारी कर रही है। इस अवसर पर शहर के गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे, जो नवविवाहित जोड़ों को नई जिंदगी की शुरुआत के लिए अपना आशीर्वाद प्रदान करेंगे।

Share This Article