आसनसोल स्टेशन पर हाई अलर्ट: चुनाव से पहले जीआरपी-आरपीएफ का सघन तलाशी अभियान

KK Sagar
2 Min Read

आसनसोल। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में आसनसोल रेलवे स्टेशन पर सोमवार को जीआरपी और आरपीएफ द्वारा व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया, जिससे पूरे स्टेशन परिसर में सतर्कता का माहौल देखने को मिला।

जीआरपी की टीम ने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और बाहरी क्षेत्रों में यात्रियों के बैग व सूटकेस की गहन जांच की। मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर ट्रेनों के अंदर तक सुरक्षा बलों की कड़ी निगरानी रही। खासकर यूपी-बिहार रूट की प्रमुख ट्रेनों पर विशेष फोकस किया गया।

चुनावी माहौल को देखते हुए किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से ट्रेनों के कोचों के भीतर भी सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान सुरक्षाबल पूरी तरह मुस्तैद नजर आए।

अभियान के दौरान मेटल डिटेक्टर और खोजी कुत्तों की मदद से यात्रियों के सामान की जांच की गई। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई हथियार, अवैध नकदी, शराब और अन्य संदिग्ध वस्तुओं की तस्करी पर रोक लगाने के लिए की जा रही है, ताकि चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

रेलवे पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि आचार संहिता लागू होने के बाद इस तरह की जांच नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि जांच के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस सघन जांच अभियान से यात्रियों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है और वे अधिक निश्चिंत होकर यात्रा कर रहे हैं। जीआरपी और आरपीएफ ने भरोसा दिलाया है कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए हर समय चौकसी बरती जाएगी।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....