धनबाद। पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद मंडल में शनिवार को बड़े पैमाने पर मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। दिन-रात चलाए गए इस विशेष अभियान में बिना टिकट यात्रा करने वालों, बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले यात्रियों तथा बिना बुक कराए सामान के साथ यात्रा कर रहे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान कुल 917 यात्रियों को पकड़ा गया। इनमें बिना टिकट यात्रा करने वाले, गलत श्रेणी में यात्रा करने वाले और बिना बुक कराए सामान लेकर सफर करने वाले यात्री शामिल थे। टिकट जांच टीमों ने इन यात्रियों से कुल 6 लाख 60 हजार 345 रुपये जुर्माने के रूप में वसूल किए।
धनबाद मंडल द्वारा यह विशेष जांच अभियान सुनियोजित तरीके से स्टेशनों और विभिन्न मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों में एक साथ चलाया गया। जांच के दौरान रेलवे स्टेशनों के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की काफी भीड़ देखने को मिली। बड़ी संख्या में यात्रियों ने टिकट लेकर यात्रा करना उचित समझा।
रेल प्रशासन ने पकड़े गए यात्रियों को भविष्य में उचित टिकट के साथ यात्रा करने की कड़ी हिदायत दी। साथ ही यात्रियों से अपील की गई कि वे प्लेटफॉर्म में प्रवेश करने से पहले वैध टिकट अवश्य लें और जिस श्रेणी का टिकट हो, उसी श्रेणी में यात्रा करें।
धनबाद मंडल ने स्पष्ट किया है कि टिकट जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। रेलवे का उद्देश्य यात्रियों में टिकट लेकर यात्रा करने की आदत को बढ़ावा देना और राजस्व की चोरी को रोकना है। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि बिना टिकट या नियमों के उल्लंघन कर यात्रा करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

