डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: झारखंड एकेडमिक काउंसिल द्वारा घोषित इंटरमीडिएट परीक्षा 2025 के परिणामों में कोल्हान क्षेत्र के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। साइंस, कामर्स और आर्ट्स संकायों में कुल 3.5 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी। कोल्हान क्षेत्र के छात्रों ने न केवल राज्य स्तर पर बल्कि जिला स्तर पर भी कई शीर्ष स्थान हासिल किए हैं। इस बार कोल्हान ने साइंस और कामर्स दोनों संकायों में राज्य स्तर पर शीर्ष स्थानों पर कब्जा जमाया है।
कॉमर्स में रेशमी ने लहराया परचम
चाईबासा के सेंट जेवियर इंटर कॉलेज की छात्रा रेशमी कुमारी ने कामर्स संकाय में 476 अंकों के साथ झारखंड में प्रथम स्थान हासिल किया है। रेशमी की इस उपलब्धि ने न केवल उनके स्कूल बल्कि पूरे कोल्हान क्षेत्र का नाम रोशन किया है। रेशमी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों, माता-पिता और कठिन परिश्रम को दिया। उन्होंने बताया कि नियमित पढ़ाई और समय प्रबंधन उनकी सफलता का आधार रहा।
नोवामुंडी इंटर कॉलेज के अंकित कुमार साह ने साइंस संकाय में 476 अंकों के साथ राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। अंकित ने अपनी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन को अपनी उपलब्धि का कारण बताया। उनके परिवार और स्कूल में खुशी का माहौल है। अंकित का लक्ष्य इंजीनियरिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ना है और वे इसके लिए कठिन परिश्रम करने को तैयार हैं।
पूर्वी सिंहभूम के प्लस टू आदिवासी हाई स्कूल, बांगुड़दा (पटमदा) की छात्रा आतोषि मिश्रा ने साइंस संकाय में 470 अंकों के साथ राज्य में पांचवां स्थान प्राप्त किया है। आतोषि की इस उपलब्धि ने ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों की शैक्षिक गुणवत्ता को भी उजागर किया है। आतोषि ने कहा कि वह मेडिकल क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती हैं और इस दिशा में अपनी पढ़ाई को और मजबूत करेंगी।
इस वर्ष कोल्हान क्षेत्र के विभिन्न कॉलेजों ने इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। सेंट जेवियर इंटर कॉलेज, नोवामुंडी इंटर कॉलेज और प्लस टू आदिवासी हाई स्कूल जैसे संस्थानों ने अपनी शैक्षिक गुणवत्ता का परचम लहराया है। शिक्षकों और अभिभावकों ने इस उपलब्धि पर गर्व जताया है और छात्रों को भविष्य में भी इसी तरह मेहनत करने के लिए प्रेरित किया है।