डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : झारखंड की जादूगोड़ा पुलिस को अंतरराज्यीय स्तर पर एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। धोखाधड़ी कर गाड़ी पार करने वाले शातिर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक फरार वारंटी को सीधे महाराष्ट्र से धर दबोचा है। पकड़ा गया आरोपी जाका उल्लाह खान महाराष्ट्र के अमरावती जिले का रहने वाला है, जो लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी जाका उल्लाह खान के खिलाफ जादूगोड़ा थाने में धोखाधड़ी का एक मामला दर्ज कराया गया था। उस पर आरोप था कि उसने धोखाधड़ी की नीयत से एक ट्रेलर वाहन को गायब कर दिया। मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी पुलिस से बचने के लिए फरार चल रहा था।
महाराष्ट्र से झारखंड तक पुलिस का ‘एक्शन’
फरार आरोपी को पकड़ने के लिए जादूगोड़ा पुलिस लगातार उसके ठिकानों को ट्रैक कर रही थी। पुख्ता इनपुट मिलने के बाद पुलिस की एक विशेष टीम ने महाराष्ट्र में छापेमारी की और आरोपी को उसके गृह जिले अमरावती से गिरफ्तार कर लिया। ट्रांजिट रिमांड और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को महाराष्ट्र से जादूगोड़ा लाया गया। शुक्रवार को पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत आरोपी का मेडिकल कराया और उसे घाटशिला जेल भेज दिया है। पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

