पलामू – आर्थिक तंगी और बीमारी से जूझ रहे ग्राम रोजगार सेवक ललन प्रजापति का निधन

KK Sagar
3 Min Read

पाण्डु (पलामू): पलामू जिले के पाण्डु प्रखंड अंतर्गत सिलदिली पंचायत के ग्राम रोजगार सेवक ललन प्रजापति (45) का गुरुवार को हृदय गति रुकने से निधन हो गया। उनके असामयिक निधन की खबर से पूरे जिले के मनरेगा कर्मियों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार को सिलदिली गांव में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां उनके पुत्र हिमांशु कुमार ने मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, मनरेगा कर्मी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

ललन प्रजापति अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार वे बेहद मिलनसार, मृदुभाषी और कर्मठ स्वभाव के व्यक्ति थे। पंचायत और गांव में उनकी अलग पहचान थी। उनके निधन से पूरे इलाके में मातम का माहौल है।

परिजनों ने बताया कि ललन प्रजापति लंबे समय से स्पाइन की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे और उनका इलाज वेल्लोर से चल रहा था। सीमित मानदेय में परिवार का खर्च, बच्चों की पढ़ाई और इलाज का बोझ उनके लिए लगातार चिंता का कारण बना हुआ था। आर्थिक परेशानियों के कारण वे मानसिक तनाव में भी रहते थे।

ग्रामीणों ने बताया कि छह भाइयों में सबसे बड़े होने के कारण पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। मात्र 12 हजार रुपये मानदेय में परिवार चलाना उनके लिए बेहद मुश्किल हो गया था। बढ़ती महंगाई और आर्थिक दबाव ने उनकी स्थिति को और कठिन बना दिया था।

बताया जा रहा है कि झारखंड में बीते 12 मार्च से विभिन्न मांगों को लेकर मनरेगा कर्मी हड़ताल पर हैं। पिछले 78 दिनों से कामकाज ठप रहने के कारण कर्मियों की आर्थिक स्थिति और खराब हो गई है। ललन प्रजापति भी हड़ताल के दौरान घर पर ही थे और लगातार तनाव में जी रहे थे।

उनके निधन के बाद मनरेगा कर्मियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। कर्मियों ने सरकार से मानदेय वृद्धि, सामाजिक सुरक्षा और लंबित मांगों पर जल्द निर्णय लेने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सरकार ने गंभीर पहल की होती, तो शायद एक परिवार उजड़ने से बच सकता था।

ललन प्रजापति की मौत ने एक बार फिर झारखंड के ग्राम रोजगार सेवकों की बदहाल स्थिति को उजागर कर दिया है। गांवों में विकास योजनाओं को जमीन पर उतारने वाले कर्मियों की स्थिति आखिर कब सुधरेगी, यह बड़ा सवाल बन गया है।

दाह संस्कार में पाण्डु प्रखंड प्रमुख नीतू सिंह, बीडीओ रणवीर कुमार, पाण्डु बीपीओ रितेश कुमार दूबे, मनरेगा कर्मचारी संघ के प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा राम समेत सैकड़ों मनरेगा कर्मी, ग्रामीण और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....