जमशेदपुर हिमांशु हत्याकांड:​ ₹2 लाख का इनामी विश्वनाथ पुलिस के लिए बना सिरदर्द, 4 राज्यों में खाक छान रही पुलिस

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर :झारखंड के जमशेदपुर में हुए बहुचर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड को 6 दिन बीत चुके हैं, लेकिन मुख्य आरोपी और 2 लाख का इनामी बदमाश विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस वारदात को बदमाशों ने पुलिस की मौजूदगी में ही अंजाम दिया था। अब पुलिस की साख दांव पर है और उसे पकड़ने के लिए झारखंड समेत चार राज्यों में ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के सामने कुल्हाड़ी-चाकू से काटा, फिर चाईबासा भागा आरोपी
​मामला बीती 27 जून की रात का है, जब बिष्टुपुर स्थित डीडी बार में छेड़खानी को लेकर विवाद शुरू हुआ था। इसके बाद बार के बाहर बदमाशों ने पुलिस की मौजूदगी में ही हिमांशु सिंह और प्रत्यूष सिंह पर चापड़, कुल्हाड़ी और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में हिमांशु की जान चली गई। पुलिस तफ्तीश में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल सीधे चाईबासा भाग गया था। वहां पहुंचकर उसने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया, जिससे पुलिस को उसका लोकेशन मिलना बंद हो गया।

4 राज्यों में पुलिस की रेड, परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ
​फरार आरोपियों को दबोचने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें इस वक्त बेहद सक्रिय हैं। पुलिस झारखंड, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

परिजनों पर बनाया दबाव: मुख्य आरोपी विश्वनाथ और उसके साथियों को सरेंडर कराने के लिए पुलिस ने अब उनके परिवारों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। परिजनों को अलग-अलग थानों में रखकर पूछताछ की जा रही है ताकि आरोपियों पर दबाव बनाया जा सके।

अब तक 5 गिरफ्तार: हिमांशु के पिता अरविंद सिंह की शिकायत पर बिष्टुपुर थाने में 11 नामजद लोगों के खिलाफ केस दर्ज है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए अब तक दो युवकों और तीन नाबालिगों सहित कुल 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या कहना है अधिकारियों का?
​डीआईजी रांची मनोज कौशिक का कहना है कि हिमांशु हत्याकांड के आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें झारखंड के विभिन्न जिलों के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों में भी लगातार छापेमारी कर रही हैं। फरार अपराधियों को बहुत जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

​जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को पुलिस के हाथ विश्वनाथ से जुड़े कुछ अहम सुराग लगे हैं, जिसके आधार पर छापेमारी की रफ्तार और तेज कर दी गई है। अब देखना यह है कि पुलिस के नाक के नीचे से फरार हुआ 2 लाख का यह इनामी बदमाश कब तक कानून की गिरफ्त से दूर रह पाता है।

Share This Article