डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: आगामी होली पर्व को देखते हुए जिले में अवैध शराब की बिक्री और जमाखोरी के खिलाफ उत्पाद विभाग ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर सहायक आयुक्त उत्पाद की टीम ने सोमवार, 2 मार्च को एमजीएम थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक अवैध विदेशी शराब विनिर्माण केंद्र (फैक्ट्री) का भंडाफोड़ किया।
गुप्त सूचना पर अवध डेंटल कॉलेज के पास कार्रवाई
प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि एमजीएम थाना अंतर्गत अवध डेंटल कॉलेज से सटे एक ऊंचे चहारदीवारी वाले परिसर में अवैध शराब का खेल चल रहा है। इस सूचना के आधार पर टीम ने राजेश कुमार शर्मा के मकान परिसर में दबिश दी, जहाँ बड़े पैमाने पर नकली विदेशी शराब बनाई और बोतलबंद की जा रही थी।
छापेमारी में बरामद सामग्री
मौके से पुलिस और उत्पाद विभाग ने शराब बनाने और पैकिंग करने का पूरा सेटअप बरामद किया है, जिसमें शामिल हैं।
कच्चा माल: भारी मात्रा में स्प्रिट और शराब को रंग व फ्लेवर देने वाला ‘केरामेल’।
तैयार शराब: प्लास्टिक के ड्रमों में रखी खुली शराब और करीब 80 पेटियों में बंद रॉयल स्टैग, रॉयल चैलेंज और रॉयल गोल्ड कप जैसे ब्रांड्स की नकली शराब।
पैकेजिंग मटेरियल: विभिन्न ब्रांडों के खाली बोतलें, ढक्कन, कॉर्क, नकली लेबल और बोतलों को सील करने वाले आसंजक। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल जब्त की गई शराब और सामग्री की कुल मात्रा का सटीक आंकलन किया जा रहा है। होली के दौरान खपाने के लिए यह अवैध स्टॉक तैयार किया गया था।
दोषियों पर कसी जा रही नकेल
उपायुक्त के सख्त निर्देश के बाद उत्पाद विभाग पूरे जिले में अलर्ट मोड पर है। इस मामले में संलिप्त मुख्य आरोपियों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश तेज कर दी गई है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि पर्व के दौरान अवैध मदिरा के विनिर्माण और भंडारण पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।

