Jamshedpur: नामदा बस्ती में महिला की गला रेतकर हत्या, पति फरार

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित नामदा बस्ती में शनिवार सुबह 27 वर्षीय मनीषा कौर की उसके ही घर के कमरे में गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस को सुबह मनीषा का शव उसके घर के अंदर खून से लथपथ हालत में मिला। मनीषा की पहचान होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस बीच, घटना के बाद से ही मनीषा का पति सागर फरार है।

प्रेम विवाह और पारिवारिक जीवन
स्थानीय लोगों के अनुसार मनीषा और सागर ने 9 साल पहले प्रेम विवाह किया था। उनके दो बच्चे हैं, जो शुक्रवार की रात अपने दादा-दादी के पास थे। सागर और उसके माता-पिता घर के दूसरे और पहले तल पर रहते हैं।

ऐसे चला पता
सागर की बड़ी बहन मनजीत कौर ने बताया कि सुबह जब सागर की मां नीचे आई और दरवाजा खोला, तो उन्होंने मनीषा को खून से लथपथ मृत अवस्था में पाया। इसके बाद उन्होंने परिजनों को इसकी सूचना दी।

पति-पत्नी में हुआ था विवाद
परिवार और आस-पड़ोस के लोगों का कहना है कि सागर और मनीषा के बीच अच्छे संबंध थे और उनके बीच किसी विवाद की बात सामने नहीं आई थी। हालांकि सागर के छोटे भाई रमन सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात दोनों के बीच कुछ कहासुनी हुई थी, लेकिन किसी ने इस पर ध्यान नहीं दिया।

पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर दिया। जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है ताकि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर हत्यारे की पहचान की जा सके। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस और स्थानीय लोगों को सागर पर हत्या का शक है। पुलिस सागर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। गोलमुरी थाना प्रभारी राजन कुमार ने कहा कि मृतका का पति फरार है और उसकी संलिप्तता से फिलहाल इनकार नहीं किया जा सकता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और लड़की के पिता से भी बात की है।

Share This Article