Jamshedpur: MGM अस्पताल को पानी की किल्लत से मिलेगी निजात, 15 जून तक बालिगुमा वाटर टावर शुरू करने का अल्टीमेटम

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। अस्पताल में चौबीसों घंटे निर्बाध पानी की सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। मानगो के बालिगुमा में स्वर्णरेखा नदी तट पर बन रहे नए वाटर टावर का निर्माण कार्य अब अपने अंतिम चरण में है। गुरुवार को उपायुक्त राजीव रंजन ने खुद निर्माण स्थल का औचक निरीक्षण किया और साफ कर दिया कि इस बेहद महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

15 जून की डेडलाइन, काम पूरा नहीं हुआ तो होगी कानूनी कार्रवाई
​निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने काम की रफ्तार को लेकर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कार्य एजेंसी को दो टूक शब्दों में निर्देश दिया कि 15 जून तक हर हाल में निर्माण कार्य पूरा कर वाटर सप्लाई शुरू कर दी जाए।
​डीसी ने चेतावनी देते हुए कहा कि MGM अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थान में पानी की नियमित सप्लाई हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। अगर तय समय सीमा (15 जून) के भीतर काम पूरा नहीं हुआ, तो जिम्मेदार एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बिजली की समस्या तुरंत दूर करने के निर्देश
​निरीक्षण के दौरान जब उपायुक्त को पता चला कि निर्माण स्थल पर बिजली कनेक्शन से जुड़ी कुछ दिक्कतें आ रही हैं, तो उन्होंने तुरंत एक्शन लिया। उन्होंने बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि वे बिना देरी किए मौके पर बिजली आपूर्ति बहाल करें, ताकि बचे हुए काम में कोई रुकावट न आए।

NHAI से एनओसी के लिए कागजी कार्रवाई तेज
​परियोजना की राह में आ रही प्रशासनिक अड़चनों को दूर करने के लिए भी उपायुक्त ने तेजी दिखाई है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से मिलने वाली अनापत्ति प्रमाण पत्र की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी जरूरी कागजी औपचारिकताओं को युद्ध स्तर पर पूरा करें, ताकि जल्द से जल्द एनओसी मिल सके और काम समय पर खत्म हो।

मरीजों और प्रबंधन को मिलेगी बड़ी राहत
​इस वाटर टावर के चालू होने से न सिर्फ एमजीएम अस्पताल के प्रबंधन को राहत मिलेगी, बल्कि दूर-दराज से आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को पीने के पानी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और इस प्रोजेक्ट को समय पर अमलीजामा पहनाने की हिदायत दी है।

Share This Article