डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के कागलनगर में शादी के मात्र 16 दिन बाद 22 वर्षीय रीता महतो का शव उसके ससुराल में फंदे से लटका मिला। गुरुवार शाम को हुई इस घटना ने आत्महत्या और हत्या के बीच सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
रीता की शादी 29 अप्रैल 2025 को चंदन महतो के साथ हुई थी।
चंदन के मुताबिक दोनों तीन साल से रिलेशनशिप में थे और परिवार की सहमति से उनकी शादी हुई थी। शादी के बाद दोनों हनीमून के लिए दार्जिलिंग गए थे। 14 मई को रीता पारिवारिक रीति-रिवाज के तहत ससुराल लौटी थी। चंदन ने बताया कि रीता ने फेयरवेल पार्टी की बात कहकर घर छोड़ा था, लेकिन उनके मोबाइल में स्विमिंग पूल की तस्वीरें मिलीं। इस बात से नाराज चंदन ने रीता के ससुर को सूचना दी। इसके बाद रीता ने कथित तौर पर आहत होकर आत्महत्या कर ली।
वहीं रीता के भाई शंभू महतो ने इसे हत्या करार देते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। शंभू का दावा है कि शादी के बाद से रीता को दहेज में बाइक न देने के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि बाइक की बुकिंग भी कर दी गई थी, लेकिन इस बीच यह घटना हो गई।
पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग सच्चाई सामने आने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।