डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: ऑटोमोबाइल सेक्टर की दिग्गज कंपनी टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट से एक खबर सामने आ रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक कंपनी आने वाले दिनों में हर शनिवार को ब्लॉक क्लोजर (काम पूरी तरह बंद रखने) की योजना बना रही है। बताया जा रहा है कि यह सिलसिला जुलाई महीने तक जारी रह सकता है।
आखिर क्यों ठप हो रहा है उत्पादन?
कंपनी प्रबंधन को यह सख्त कदम मजबूरी में उठाना पड़ रहा है। इसकी मुख्य वजह गाड़ियों को बनाने वाले कलपुर्जो की भारी कमी होना है। स्पेयर पार्ट्स की सप्लाई न होने के कारण कंपनी के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में उत्पादन की रफ्तार काफी धीमी पड़ गई है।
इन राज्यों से थमी सप्लाई चेन
टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट के लिए गाड़ियों के पार्ट्स देश के अलग-अलग राज्यों से आते हैं। जानकारी के अनुसार मुंबई, हरियाणा और राजस्थान जैसे प्रमुख राज्यों से होने वाली कलपुर्जों की आपूर्ति फिलहाल बाधित है। पार्ट्स समय पर नहीं पहुंचने के कारण प्लांट में पहले से बनकर तैयार वाहन भी अधूरे पड़े हैं। कुछ तकनीकी और असेंबली लाइन के हिस्से पहले से ही डंप पड़े हैं, जिससे उत्पादन का ग्राफ लगातार नीचे गिर रहा है।

