पटना में मोकामा के कुख्यात सोनू-मोनू गैंग के सोनू की एक ऑडियो रिकॉर्डिंग ने पुलिस महकमे में भी खलबली मचा दी है। ऑडियो में जेडीयू विधायक अनंत सिंह पर भी नाम आया हैं। वायरल ऑडियो सोनू और पंचमहला थाने के किसी सिपाही के बीच बातचीत का बताया जा रहा है। जिसमें थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इस ऑडियो ने पुलिस विभाग में अपराधियों की पैठ की पोल खोल दी है।
एसएचओ पर रिश्वत लेने का आरोप
इस ऑडियो में लाइन पर एक तरफ मोकामा के सोनू-मोनू गैंग का सोनू है और दूसरी तरफ कथित तौर पर बिहार पुलिस का कॉन्स्टेबल रंजीत, जिसकी तैनाती रिकॉर्डिंग के वक्त मोकामा के पंचमहला थाने में थी। वायरल ऑडियो में सोनू आरोप लगा रहा है कि पंचमहला थाना के एसएचओ कुंदन कुमार को वह नियमित रूप से डेढ़ लाख रुपए भेजता था। इसके बदले पुलिस की तरफ से उसके गिरोह को अवैध काम करने की छूट मिली हुई थी। सोनू ऑडियो वायरल करने की धमकी भी देता है और कहता है कि एसएचओ को रुपए लेने के मामले में फंसा देगा।
कॉल रिकॉर्डिंग में क्या-क्या बात हुई
ऑडियो में सोनू कुमार थाना प्रभारी कुंदन कुमार पर गंभीर आरोप लगाया है। सोनू कुमार कह रहा है कि एसएचओ कुंदन कुमार उससे रिश्वत लेने के बाद भी उसके खिलाफ काम कर रहा है और उसके पिताजी को धमकी दे रहा है। सोनू कह रहा है, कुंदन कुमार पचमहला थाना प्रभारी हमारे साथ ऐसा क्यों किए। पैसा लेकर हमारी गाड़ी पकड़ लिए।
अनंत सिंह का भी लिया नाम
ऑडियो रिकॉर्डिंग में सोनू अनंत सिंह का भी नाम लेता है। सोनू कहता है अनंत सिंह जो कहेगा वही करेंगे। अनंत सिंह कहेगा कि गवाही नहीं दो तो हमारे घर पर आकर धमकाएंगे। सोनू ने वीडियो वायरल करने की भी धमकी दी। वो कहता है हम आपको बड़े भाई के नाते हाथ और जनेऊ जोड़ कर कह रहे हैं। ऐसा काम वो नहीं करें कि बर्बाद हो जाएं। हम वीडियो वायरल कर देंगे।
ऑडियो के सामने आने के बाद माहौल गरमाया
इस मामले को लेकर एसडीपीओ-1 रामकृष्ण ने बताया कि ऑडियो वायरल होने की सूचना मिली है। जांच की जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि सोनू-मोनू गैंग और अनंत सिंह के समर्थकों के बीच कई महीने पहले झड़प हुई थी। कई राउंड फायरिंग हुई थी। अब एक बार फिर इस ऑडियो के सामने आने के बाद माहौल गरमाता नजर आ रहा है।

