चाईबासा पहुंचे झारखंड DGP अनुराग गुप्ता : अब सारंडा तक नक्सलियों का सफाया तय

KK Sagar
2 Min Read

चाईबासा, झारखंड — झारखंड के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में एक बार फिर से सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाल लिया है। झारखंड के डीजीपी अनुराग गुप्ता सोमवार सुबह 9:30 बजे पुलिस अधिकारियों की टीम के साथ चाईबासा पहुंचे, जहां वे शीर्ष अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक कर रहे हैं। बैठक का मुख्य उद्देश्य सारंडा और पोड़ाहाट जंगलों में नक्सलियों के खिलाफ बड़े स्तर पर चलाए जाने वाले अभियान की रणनीति को अंतिम रूप देना है।

नक्सल हमले में शहीद हुए थे झारखंड जगुआर के जवान

बता दें कि 12 अप्रैल को सारंडा जंगल में नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ व लैंड माइन विस्फोट की घटना में झारखंड जगुआर का एक जवान सुनील धान शहीद हो गया था। घटना के बाद राज्य पुलिस मुख्यालय में रविवार को एक हाई लेवल मीटिंग आयोजित की गई थी, जिसमें झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए थे। चाईबासा पुलिस अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक से जुड़े थे।

अब बड़े स्तर पर चलेगा नक्सल रोधी अभियान

सूत्रों के अनुसार, चाईबासा जिले के सारंडा और पोड़ाहाट जंगलों में नक्सलियों के खिलाफ पहले से चल रहे अभियान को अब तेज और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। इन इलाकों में भाकपा (माओवादी) के कई बड़े नक्सली नेता जैसे मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल और अजय महतो अपने दस्तों के साथ सक्रिय हैं।

सुरक्षा बलों की संयुक्त कार्रवाई

अभियान में झारखंड पुलिस के साथ-साथ सीआरपीएफ, झारखंड जगुआर और कोबरा बटालियन के अधिकारी और जवानों की भी भागीदारी रहेगी। सुरक्षा बलों का उद्देश्य नक्सलियों के ठिकानों को ध्वस्त कर क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बहाल करना है।

नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई की ओर झारखंड

इस हाई-प्रोफाइल बैठक और आगामी अभियान से यह संकेत मिल रहा है कि झारखंड सरकार और सुरक्षा एजेंसियां अब नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई के मूड में हैं। आने वाले दिनों में सारंडा और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बलों की हलचल और कार्रवाई में तेजी देखी जा सकती है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....