बिहार में एमएलसी चुनाव की घोषणा होते ही सियासी पारा चढ़ना शुरू हो गया। सीटों की डिमांड भी शुरू हो गई है। इसी क्रम में हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के संरक्षक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने एनडीए के भीतर अपनी पार्टी के लिए विधान परिषद की एक सीट पर दावा ठोक दिया है।
मांझी ने एक सीट पर दावा ठोका
बिहार विधान परिषद की नौ सीटों पर चुनाव और एक सीट पर उपचुनाव की घोषणा के बीच केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के संरक्षक जीतन राम मांझी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में मांझी ने खुलकर विधान परिषद की एक सीट पर दावा ठोक दिया।
मांझी ने दिया ये तर्क
मांझी ने कहा कि हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के पास वर्तमान में पांच विधायक और एक विधान पार्षद हैं। हम केंद्र सरकार में मंत्री भी हैं। बिहार के सभी जिलों में हमारे कार्यकर्ता किसी भी अन्य दल से कमजोर नहीं हैं। एनडीए के हर चुनाव और प्रदर्शन में हमारे लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। इस आधार पर हमारी हिस्सेदारी बनती है और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) को कम से कम एक एमएलसी पद मिलना ही चाहिए।’
केंद्र के नेताओं से बात करेंगे मांझी
मांझी ने कहा कि इसके लिए जो केंद्र के नेता हैं वे उनसे भी बात करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे पर उनकी प्रदेश स्तर के नेताओं से कोई बात नहीं हुई है। मांझी ने कहा कि वे इस सीट को लेकर सीधे दिल्ली दरबार जाएंगे और भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से सीधी बातचीत करेंगे। मांझी ने कहा कि एक सीट मिलने से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा, जो पूरे एनडीए के हित में होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि यहां (सम्राट चौधरी से) पर कोई ऐसी बात नहीं हुई है।

