पलामू: जमीन विवाद में झामुमो प्रखंड अध्यक्ष मुन्ना सिन्हा की टांगी से वार कर हत्या

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क/ रांची: पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के डंडार गांव में एक भीषण घटना सामने आई है, जहां जमीन विवाद को लेकर हुई हिंसक झड़प में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के पांकी प्रखंड अध्यक्ष मुन्ना सिन्हा (40) की टांगी से वार कर हत्या कर दी गई।

खेत जोतने के दौरान हुआ विवाद

मृतक की मां चिंतामणि देवी के अनुसार मुन्ना सिन्हा अपने खेत जोतने गए थे। इसी दौरान उनका विवाद गांव के ही अरुण ठाकुर और डोमन ठाकुर से हो गया। झगड़े ने जल्द ही हिंसक रूप ले लिया, और आरोप है कि अरुण ठाकुर ने मुन्ना सिन्हा के सिर पर टांगी से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत

परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल मुन्ना सिन्हा को तत्काल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शुरू की छापेमारी

घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल पुलिस चौकी के एएसआई सुशीला टीयू, नीरज सिंह, और पुलिस जवान मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हत्या की खबर से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। खबर लिखे जाने तक इस मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी थी।

Share This Article