बाघमारा। कोयला चोरी और अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए बुधवार को बीसीसीएल एरिया-3 सीआईएसएफ और सोनारडीह ओपी पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। टीम ने भागा बस्ती के पास संचालित एक सक्रिय अवैध कोयला मुहाने को चिन्हित कर उसे पूरी तरह बंद कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, इस क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन की गतिविधियां चल रही थीं। गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त दल ने छापेमारी की और मौके पर अवैध रूप से खनन किए जा रहे मुहाने की पहचान की। तत्पश्चात, सुरक्षाबल और पुलिस ने खदान को मिट्टी और पत्थरों से भरकर बंद कर दिया।
इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन में संलिप्त गिरोहों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह की सख्त और नियमित कार्रवाई जारी रही, तो क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकेगा।

