धनबाद (जोड़ापोखर): जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के जामाडोबा आर.के. सिंह कॉलोनी में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने एक बंद घर का ताला तोड़कर करीब पांच लाख रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
🏠 छठ पर्व पर गए थे गृहस्वामी
गृहस्वामी मुकेश कुमार अपने परिवार के साथ 24 अक्टूबर को छठ पर्व मनाने अपने गांव गए हुए थे। घर बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने इस घटना को अंजाम दिया।
शुक्रवार देर रात जब मुकेश कुमार अपने परिवार के साथ घर लौटे, तो उन्होंने मुख्य दरवाज़े का ताला टूटा हुआ पाया। घर में प्रवेश करने पर सारा सामान बिखरा पड़ा मिला — कपड़े, बर्तन और अन्य वस्तुएं इधर-उधर फैली हुई थीं।
🔐 अलमारी का ताला तोड़कर उड़ाए जेवरात
जांच करने पर पता चला कि चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर लॉकर में रखे गहने और चांदी के सामान चोरी कर लिए हैं। चोरी गए आभूषणों की सूची इस प्रकार है —
चांदी का बिस्कुट — 100 ग्राम
चांदी की मछली — 80 ग्राम
5 चांदी की कसेली — 50 ग्राम
5 चांदी के सिक्के — 50 ग्राम
8 चांदी की पायल — 700 ग्राम
2 जोड़ी सोने के टॉप्स — 10 ग्राम
इन सभी आभूषणों की कुल कीमत लगभग ₹5 लाख बताई गई है।
📞 रात में दी सूचना, सुबह दर्ज कराई शिकायत
घटना का पता चलते ही मुकेश कुमार ने रात में ही पड़ोसियों को सूचना दी। इसके बाद शनिवार सुबह वे जोड़ापोखर थाना पहुंचे और घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
जोड़ापोखर पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

