एलबीएसएम कॉलेज में द्वितीय वर्ष के छात्रों के लिए विशेष सत्र: जानें क्या रहा खास!

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल (एल.बी.एस.एम.) कॉलेज में इंटरमीडिएट द्वितीय वर्ष के छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण ओरिएंटेशन सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को कॉलेज के शैक्षिक माहौल, शिक्षण प्रणाली, अनुशासन के महत्व और आगामी पाठ्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्रदान करना था।

सत्र का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार झा के प्रेरणादायक संबोधन से हुआ। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, ‘यह ओरिएंटेशन केवल एक परिचय नहीं है, बल्कि आपके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में पहला कदम है। आप सभी छात्र हमारे महाविद्यालय की शान हैं और हमें पूरा भरोसा है कि आप अनुशासन, कड़ी मेहनत और लगन से सफलता की नई ऊंचाइयों को छूएंगे।’

डॉ. झा ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की समृद्ध परंपराओं, महत्वपूर्ण नियमों और उपलब्ध सुविधाओं से भी अवगत कराया। उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे समय पर पाठ्यक्रम पूरा करें और छात्रों को मॉडल पेपर व पिछले वर्षों के प्रश्न पत्रों को हल करने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि वे अपने शिक्षकों के साथ लगातार संवाद बनाए रखें और किसी भी संदेह को तुरंत स्पष्ट करें।

Advertisement

ओरिएंटेशन सत्र के दौरान छात्रों ने अत्यधिक उत्साह दिखाया और विभिन्न प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं को शांत किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन अनिमेष बख्शी ने किया, जबकि स्वागत भाषण इंटरमीडिएट इंचार्ज डॉ. जया कच्छप ने दिया। अंत में प्रीति गुप्ता ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों, शिक्षकों और छात्रों का आभार व्यक्त किया।

इस सफल ओरिएंटेशन सत्र में डॉ. मौसमी पॉल, डॉ. विनय कुमार गुप्ता, डॉ. विजय प्रकाश, प्रो. विनोद कुमार, डॉ. प्रशांत, शिप्रा बाजपेयी, नीतू बाला, सीमा कुमारी, पूजा गुप्ता, ज्योति प्रभा, ममता मिश्रा, रिशिता राय, अजयदीप, लुसी रानी मिश्रा, सुमित्रा सिंकु सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Share This Article