पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने के नोटिस पर लालू परिवार सरकार के खिलाफ एकजुट दिख रहा है। इस मुद्दे पर लालू यादव की बेटी अब रोहिणी आचार्य भी खुलकर सामने आई हैं। रोहिणी अपनी मां के समर्थन में राज्य की सम्राट चौधरी सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए इसे प्रतिशोध की राजनीति करार दिया है।
बंगला खाली करने की नोटिस को बताया तुगलकी फरमान
रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- ‘जनहित के ज्वलंत मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए राजनीतिक प्रतिशोध की राह पर है सम्राट चौधरी की सरकार। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को आवास से बेदखल करने का तुगलकी फरमान और आवास पर पुलिस भेजना लोकतंत्र नहीं, सत्ता के अहंकार एवं बेजा दबंगई की निशानी है। अफसोसजनक है कि बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, बढ़ते अपराध के फ्रंट पर पूरी तरह से निष्क्रिय साबित होती सम्राट चौधरी की सरकार विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने में पूरी सक्रिय हैl ये शासन का कौन सा मॉडल है? बेशक शासन का “प्रतिशोध मॉडल”। ‘
एआई तस्वीर के जरिए सरकार पर साधा निशाना
रोहिणी आचार्य ने एआई तस्वीर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को दिखाया है। तस्वीर के माध्यम से यह बताने की कोशिश की गई है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी यह कह रहे हैं कि राबड़ी देवी आप दस सर्कुलर रोड के बाहर निकलो। इसके जवाब में राबड़ी देवी कह रही हैं कि जबरन हटाना है तो हटाकर दिखाओ। नीचे लिखा है- सरकार का तुगलकी फरमान।
राबड़ी देवी को भवन खाली करने के लिए तीसरा नोटिस
भवन निर्माण विभाग की ओर से पूर्व CM राबड़ी देवी को 20 साल पुराना सरकारी बंगला खाली करने का नोटिस जारी किया गया है। विभाग का राबड़ी देवी को ये तीसरा नोटिस है। नोटिस में कहा गया है कि ये आवास अब डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन (पशुपालन) मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित है। बिहार चुनाव-2025 के बाद ही राबड़ी देवी को नया 39 हार्डिंग रोड बंगला आवंटित किया गया था। इस पर राबड़ी देवी ने कहा, ’10 सर्कुलर रोड वाला अवास किसी भी कीमत पर खाली नहीं करेंगे। सम्राट नए-नए मुख्यमंत्री बने हैं। हम तो चाहते हैं सम्राट चौधरी फोर्स बुलाकर आवास खाली करवा लें।’

