बिहार के कैबिनेट मंत्री अशोक चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव को लेकर बड़ा बयान दिया है। अशोक चौधरी ने लालू परिवार की सुरक्षा में कटौती करने के पीछे नीतीश कुमार का हाथ बताने के लालू यादव के आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए निशाना साधा। उन्होंने कहा है कि लालू यादव मानसिक रूप से ठीक नहीं।
वो मेन्टली गड़बड़ा गए हैं-अशोक चौधरी
लालू यादव ने एक दिन पहले कहा था कि उनकी सुरक्षा हटाए जाने के पीछे नीतीश कुमार का हाथ है। इस बारे में पूछे जाने पर गुरूवार बिहार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी ने आज कहा,”असल में वो मेन्टली गड़बड़ा गए हैं। जब तक नीतीश कुमार सत्ता में थे तब तक वो थे वहां, अब जब सरकार ने आपको व्यवस्थित कर दिया है, आपको एक जगह दे दी है, तो आप जबरदस्ती दबाव बना रहे हैं। कह रहे हैं कि नीतीशवे करवा रहा है। क्या मतलब है इसका?”
लालू यादव को कुछ हुआ तो वो ही होंगे जिम्मेदार-अशोक चौधरी
लालू परिवार ने सुरक्षा में कटौती किए जाने के बाद से बिहार सरकार की ओर से दी गई सारी सुरक्षा लौटा दी है। इस पर लालू यादव या उनके परिवार के साथ कोई घटना हो जाती है तो इसका जिम्मेदार कौन होगा ? ये पूछे जाने पर मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि इसके जिम्मेदार वो खुद होंगे। अशोक चौधरी ने कहा, “वो अपने ना होंगे? अब हम कहें कि हम सुरक्षा नहीं लेंगे, ऐसे ही घूमेंगे। तो अब कुछ हो जाएगा तो आप जानिए, आपका काम जाने। सरकार क्या करेगी इसमें।” अशोक चौधरी ने कहा कि सुरक्षा के बारे में फैसला सुरक्षा समिति और पुलिस करती है और इसमें कोई राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं होता।
लालू-राबड़ी देवी की जेड प्लस सुरक्षा घटी
बता दें कि राज्य सरकार ने हाल ही में वीआईपी सुरक्षा की समीक्षा के बाद लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की जेड प्लस सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया था। इसके बाद दोनों नेताओं ने अपने आवास पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को वापस भेज दिया था और राजद नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने खुद मोर्चा संभाल लिया था।

