सम्राट चौधरी कैबिनेट में करोड़पतियों की लंबी लिस्ट, 90 प्रतिशत से अधिक मंत्री के पास करोड़ों की संपत्ति

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार में सम्राट चौधरी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद अब नए मंत्रियों की संपत्ति को लेकर आंकड़े सामने आए हैं। आंकड़ों के मुताबिक, इस मंत्रिमंडल में 90 प्रतिशत से अधिक मंत्री करोड़पति हैं। बिहार मंत्रिमंडल के सभी मंत्रियों की कुल संपत्ति 220.89 करोड़ रुपये है, जिसमें से 46% हिस्सा केवल 5 सबसे अमीर मंत्रियों के पास है। इन टॉप 5 मंत्रियों की कुल संपत्ति 102 करोड़ रुपये से अधिक है। वहीं, 5 सबसे गरीब मंत्रियों के पास कुल 3.63 करोड़ रुपये की संपत्ति है, जो मंत्रिमंडल की कुल संपत्ति का मात्र 1.64% हिस्सा है।

35 मंत्रियों में से 32 मंत्री करोड़पति

नई कैबिनेट में शामिल 35 मंत्रियों में से 32 मंत्री करोड़पति हैं, जबकि सिर्फ तीन मंत्रियों की संपत्ति 1 करोड़ रुपये से कम बताई गई है। सबसे खास बात यह है कि करीब 10 मंत्रियों की संपत्ति खुद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से भी अधिक है।

कौन सबसे अमीर और किसकी संपत्ति सबसे कम?

सम्राट मंत्रिमंडल में शामिल मंत्रियों में सबसे अधिक संपत्ति रमा निषाद के पास है, जिनकी कुल संपत्ति 31 करोड़ रुपये है। समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता 29.34 करोड़ की संपत्ति के साथ कैबिनेट की दूसरी सबसे अमीर मंत्री हैं। उनकी पेशेवर पृष्ठभूमि (डॉक्टर) और निवेश ने उन्हें इस पायदान पर पहुंचाया है। वहीं, अमीरों की इस सूची में खाद एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी 22.39 करोड़ की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर हैं। वहीं, चिराग पासवान की पार्टी से मंत्री बने संजय पासवान सबसे कम संपत्ति वाले मंत्री हैं, जिनकी कुल संपत्ति 23.85 लाख रुपये है।

महिला मंत्रियों की औसत संपत्ति पुरुषों की तिगुनी

सम्राट मंत्रिमंडल में पांच महिला मंत्री शामिल हैं। महिला मंत्रियों की औसत संपत्ति पुरुष मंत्रियों के मुकाबले करीब पांच गुना ज्यादा बताई जा रही है। महिला मंत्रियों की औसत संपत्ति 16.08 करोड़ रुपये है, जबकि पुरुष मंत्रियों की औसत संपत्ति 4.68 करोड़ रुपये है। इस प्रकार महिला मंत्रियों की औसत संपत्ति पुरुष मंत्रियों की तुलना में तीन गुना से अधिक है।

तीन मंत्री ऐसे जिनकी संपत्ति 1 करोड़ से कम

जहां एक ओर अधिकांश मंत्री करोड़पति हैं, वहीं तीन मंत्री ऐसे भी हैं जिनकी संपत्ति 1 करोड़ रुपये से कम है। इनमें संजय सिंह टाइगर और कुछ अन्य नए मंत्री शामिल बताए जा रहे हैं। सबसे कम संपत्ति वाले मंत्री के तौर पर एलजेपी (रामविलास) के संजय कुमार का नाम सामने आया है। उनकी कुल संपत्ति करीब 23 लाख रुपये बताई जा रही है। ऐसे में नई कैबिनेट में करोड़पतियों के बीच कुछ अपेक्षाकृत साधारण आर्थिक पृष्ठभूमि वाले मंत्री भी मौजूद हैं।

Share This Article