झारखंड वोटर लिस्ट में बड़ा बदलाव! घर-घर पहुंच रहे BLO, जानिए CEO के. रवि कुमार ने क्यों कहा 2003 के रिकॉर्ड को ‘सुपीरियर’

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर :झारखंड में मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित, पारदर्शी और अपडेटेड बनाने के लिए निर्वाचन आयोग ने अपनी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने खुद कमान संभालते हुए गुरुवार को पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला और बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्रों का धरातलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दो-टूक शब्दों में संदेश दिया—’एक भी योग्य भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए, और किसी भी स्थिति में किसी विदेशी नागरिक का नाम इसमें शामिल नहीं होना चाहिए।’

बीएलओ के साथ घर-घर पहुंचे CEO, जाना जमीनी हाल
​मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने घाटशिला के बूथ संख्या 72, 73, 86, 90 और बहरागोड़ा के बूथ संख्या 270 व 152 का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वे केवल औपचारिक बैठकों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि खुद मतदाताओं के घर-घर जाकर सर्वेक्षण की असल स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पूरी निष्पक्षता और गंभीरता के साथ एक-एक घर का भौतिक सत्यापन करें।

इस विशेष अभियान के 5 बड़े और अहम बिंदु
​’होम-टू-रोल’ और ‘एक परिवार–एक मतदान केंद्र’
अक्सर देखने में आता है कि एक ही घर के सदस्यों का वोट अलग-अलग बूथों पर होता है। CEO ने निर्देश दिया कि फॉर्म-8 के जरिए पूरे परिवार के वोट एक ही पोलिंग बूथ पर सुव्यवस्थित किए जाएं ताकि मतदान के दिन परिजनों को सहूलियत हो।

Advertisement

2003 के रिकॉर्ड से मैपिंग
वर्ष 2003 के विशेष पुनरीक्षण दस्तावेजों को आयोग ने ‘सुपीरियर डॉक्यूमेंट’ माना है। इसके आधार पर वर्तमान मतदाताओं और उनकी संतानों की मैपिंग की जा रही है, जो भविष्य के लिए भी एक स्थायी पहचान दस्तावेज बनेगा।

दूसरे राज्यों से आए नागरिकों के लिए व्यवस्था
अगर कोई पात्र नागरिक अब स्थायी रूप से झारखंड में बस चुका है, तो वह फॉर्म-8 भरकर अपने पुराने राज्य से नाम स्थानांतरित करवा सकता है।

​18+ युवाओं का शत-प्रतिशत रजिस्ट्रेशन
घाटशिला के सोना देवी विश्वविद्यालय के ओरिएंटेशन कार्यक्रम में पहुंचे के. रवि कुमार ने युवाओं से संवाद किया। उन्होंने शिक्षण संस्थानों से अपील की कि वे अपने 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के विद्यार्थियों का फॉर्म-6 भरवाकर शत-प्रतिशत मतदाता पंजीकरण सुनिश्चित करें।

पारदर्शिता पर सख्त निर्देश
सक्षम अधिकारी के स्पष्ट आदेश और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के बिना किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं काटा जाएगा।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की आम जनता से अपील
नागरिक मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार का नाम जांचें। BLO जब सत्यापन के लिए आपके घर पहुंचे, तो उन्हें सटीक जानकारी और आवश्यक दस्तावेज देकर इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहयोग करें। ​इस निरीक्षण दौरे के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह सहित दोनों विधानसभा क्षेत्रों के ERO और AERO भी मुस्तैद रहे।

Share This Article