बिहार के बेतिया में बड़ा ट्रेन हादसा टला, टूटी पटरी पर दौड़ रही थी इंटरसिटी एक्सप्रेस

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार के बेतिया में बड़ा ट्रेन हादसा टल गया। नरकटियागंज-बेतिया रेलखंड पर कुमारबाग रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक में दरार आने से बगहा-पाटलिपुत्र इंटरसिटी एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त होने से बच गई। लोको पायलट की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से सैकड़ों यात्रियों की जान बचाई जा सकी।

लोको पायलट की समझदारी से टला हादसा

बगहा–पाटलिपुत्र इंटरसिटी एक्सप्रेस नरकटियागंज–बेतिया रेलखंड पर टूटी हुई पटरी से गुजरने लगी। यह घटना कुमारबाग रेलवे स्टेशन के आगे की है। ट्रेन जैसे ही कुमारबाग से बेतिया की ओर रवाना हुई, कुछ ही दूरी पर एक से दो कोच के गुजरते ही लोको पायलट को अचानक तेज झटका महसूस हुआ। ड्राइवर ने स्थिति की गंभीरता को तुरंत समझते हुए बिना देर किए ट्रेन को रोक दिया।

ट्रेन पर यात्रियों में अफरा-तफरी

ट्रेन जैसे ही क्षतिग्रस्त ट्रैक वाले हिस्से से गुजर रही थी, डिब्बों में अचानक जोरदार झटका लगा। कुछ यात्रियों ने घबराकर शोर मचाया, जिसके बाद लोको पायलट ने स्थिति भांपते हुए ट्रेन को तुरंत रोक दिया। जांच करने पर पाया गया कि रेल पटरी टूटी हुई थी और यदि ट्रेन थोड़ी और आगे बढ़ती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

डेढ़ घंटे तक रूकी रही ट्रेन

घटना के बाद करीब डेढ़ घंटे तक ट्रेन मौके पर ही खड़ी रही। इस दौरान यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। मरम्मत पूरी होने के बाद ट्रेन को सावधानीपूर्वक आगे के लिए रवाना किया गया। वहीं मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Share This Article