कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भारतीय जनता पार्टी ने मुख्यमंत्री पद के लिए शुभेंदु अधिकारी के नाम का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। शुक्रवार को कोलकाता में आयोजित भाजपा विधायक दल की बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनके नाम की घोषणा की। इसके साथ ही अब शुभेंदु अधिकारी राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।
भाजपा विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाए गए अमित शाह ने बैठक में कहा, “मैं पश्चिम बंगाल भाजपा विधायक दल के नेता के रूप में शुभेंदु अधिकारी के नाम की घोषणा करता हूं।”
घोषणा होते ही बैठक में मौजूद भाजपा विधायकों और कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। नेताओं और समर्थकों ने जोरदार तालियों और नारों के साथ शुभेंदु अधिकारी का स्वागत किया। भाजपा नेताओं ने इसे पश्चिम बंगाल की राजनीति में ऐतिहासिक क्षण बताया है।

