डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: खेल के मैदान से शहर के लिए एक गौरवशाली खबर आई है। हरिद्वार (उत्तराखंड) में आयोजित अखिल भारतीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता में ऑल इंडिया इंडस्ट्रियल टेनिस बॉल क्रिकेट बोर्ड की महिला टीम ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए तीसरा स्थान हासिल किया है।
यूनिवर्सिटी की दो छात्राओं ने किया कमाल
इस जीत की खास बात यह रही कि टीम में जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की दो होनहार छात्राओं ने अपनी जगह बनाई और शानदार प्रदर्शन किया।
लक्ष्मी हेम्ब्रम: वाणिज्य विभाग।
रोशनी सोय: अंग्रेजी विभाग।
कोचिंग और टेक्निकल टीम में भी शहर का दबदबा
मैदान पर खिलाड़ियों के प्रदर्शन के साथ-साथ मार्गदर्शकों की भूमिका भी अहम रही। विश्वविद्यालय के बी.एड विभाग के शारीरिक शिक्षक प्रभात कुमार महतो ने टीम के ‘कोच’ के रूप में जिम्मेदारी निभाई, वहीं बी.एड विभाग की ही आर तेजा को तकनीकी प्रभारी नियुक्त किया गया था। जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. इला कुमार ने बताया कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है। इससे न केवल अनुशासन आता है, बल्कि आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। हमारे विश्वविद्यालय की बेटियों ने राष्ट्रीय स्तर पर मान बढ़ाया है।
कुलपति और स्पोर्ट्स चेयरमैन ने दी बधाई
इस बड़ी उपलब्धि पर कुलपति प्रो. इला कुमार ने विजेता छात्राओं को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। वहीं, स्पोर्ट्स चेयरमैन डॉ. सनातन दीप ने भी छात्राओं और खेल शिक्षकों की इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए उन्हें बधाई दी है। शहर में इस जीत के बाद खुशी का माहौल है और लोग सोशल मीडिया पर इन उभरते सितारों की सराहना कर रहे हैं।

