धनबाद। जिले में मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट की द्वितीय प्री-बोर्ड परीक्षा तथा 9वीं और 11वीं की प्रथम प्री-बोर्ड परीक्षा गुरुवार, 15 जनवरी 2026 से शुरू हो गई। जिला प्रशासन के निर्देश पर आयोजित इस परीक्षा में छात्रों की उपस्थिति और उत्साह उल्लेखनीय रहा।
प्री-बोर्ड परीक्षा के दौरान जिले के विभिन्न विद्यालयों में 90 प्रतिशत से अधिक छात्रों की उपस्थिति दर्ज की गई। प्राणजीवन एकेडमी धनबाद में 99 प्रतिशत, राज प्लस टू स्कूल झरिया में 93 प्रतिशत, अपग्रेडेड हाई स्कूल करमाटांड में 98 प्रतिशत तथा मॉडल स्कूल गोविंदपुर में 99 प्रतिशत छात्रों की उपस्थिति रही।
परीक्षा के बाद सभी विद्यालयों में पिछले प्री-बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच की गई। साथ ही टॉपर्स के अंक विद्यालय के डिस्प्ले बोर्ड पर प्रदर्शित किए गए। शिक्षकों द्वारा छात्रों के साथ प्री-बोर्ड प्रश्न पत्रों पर चर्चा की गई, ताकि उनकी शंकाओं का समाधान हो सके। अनुपस्थित छात्रों को शिक्षकों ने फोन कर ट्रैक किया और आगामी परीक्षाओं में अनिवार्य रूप से शामिल होने के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा एसएमसी और पीटीएम बैठकों में परीक्षा परिणामों पर चर्चा की गई।
परीक्षा की निगरानी और शैक्षणिक गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा ने टुंडी के मनियाडीह स्थित प्रोजेक्ट प्लस टू हाई स्कूल का भ्रमण किया। वहीं जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप ने गोविंदपुर के अपग्रेडेड हाई स्कूल कसियाटांड का निरीक्षण किया। संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों के विद्यालयों का भ्रमण कर छात्रों का मार्गदर्शन किया।
प्री-बोर्ड परीक्षा का आयोजन 16, 19, 20, 21 और 22 जनवरी को दो सिटिंग में किया जाएगा। पहली सिटिंग में मैट्रिक की परीक्षा सुबह 9 बजे से 12 बजे तक, जबकि दूसरी सिटिंग में इंटरमीडिएट की परीक्षा दोपहर 12.30 बजे से 3.30 बजे तक होगी। परीक्षा का परिणाम 24 जनवरी 2026 को घोषित किया जाएगा।

