झारखंड में मेधा डेयरी के उत्पाद हुए महंगे, 12 मार्च से पनीर, घी और दही के दाम बढ़े

KK Sagar
2 Min Read

झारखंड में डेयरी उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। राज्य की प्रमुख डेयरी कंपनी Medha Dairy ने 12 मार्च से अपने कई उत्पादों के दाम बढ़ा दिए हैं। कंपनी ने पनीर, घी, गुलाब जामुन और दही की कीमतों में इजाफा किया है।

कंपनी की ओर से बताया गया है कि उत्पादों के निर्माण में लगने वाली लागत बढ़ने के कारण यह फैसला लिया गया है। नई कीमतें 12 मार्च से लागू कर दी गई हैं।

नई दरों के अनुसार एक किलो पनीर की कीमत 380 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये कर दी गई है, जबकि 200 ग्राम पनीर 82 रुपये से बढ़कर 85 रुपये हो गया है। इसी तरह 250 एमएल घी की कीमत 165 रुपये से बढ़ाकर 185 रुपये कर दी गई है।

इसके अलावा 500 एमएल घी की कीमत 300 रुपये से बढ़ाकर 325 रुपये कर दी गई है, जबकि 500 एमएल जार पैक घी अब 340 रुपये में मिलेगा, जो पहले 320 रुपये था। वहीं 250 ग्राम गुलाब जामुन की कीमत 70 रुपये से बढ़ाकर 80 रुपये कर दी गई है।

दही के दाम में भी बढ़ोतरी की गई है। 5 किलो बाल्टी दही की कीमत 475 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये कर दी गई है।

कंपनी का कहना है कि दूध और अन्य कच्चे माल की कीमत बढ़ने से उत्पादन लागत में इजाफा हुआ है, जिसके कारण उत्पादों के दाम बढ़ाने पड़े। नई कीमतें पूरे राज्य में लागू होंगी।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....