धनबाद मंडल में मेगा टिकट चेकिंग अभियान: 601 यात्री पकड़े गए, ₹5.66 लाख से अधिक जुर्माना वसूला

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद: पूर्व मध्य रेल के धनबाद मंडल में सोमवार को बड़े पैमाने पर मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। सुनियोजित रणनीति के तहत दिन और रात दोनों समय चलाए गए इस विशेष अभियान में बिना टिकट यात्रा करने वाले, बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले तथा बिना बुक किए सामान के साथ सफर कर रहे यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान कुल 601 यात्रियों को पकड़ा गया। इनमें बिना टिकट यात्रा, अनधिकृत श्रेणी में सफर और बिना बुक किए सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्री शामिल थे। रेलवे ने इन यात्रियों से ₹5,66,665 जुर्माने के रूप में वसूले। साथ ही सभी यात्रियों को भविष्य में वैध टिकट के साथ यात्रा करने की सख्त हिदायत दी गई।

टिकट जांच अभियान के तहत चेकिंग टीमों ने विभिन्न रेलवे स्टेशनों के अलावा कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में भी सघन जांच की। अभियान के दौरान स्टेशनों के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली।

धनबाद मंडल ने स्पष्ट किया है कि टिकट जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। मंडल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे उचित टिकट लेकर ही प्लेटफॉर्म में प्रवेश करें तथा जिस श्रेणी का टिकट हो, उसी श्रेणी में यात्रा करें, ताकि अनावश्यक कार्रवाई और जुर्माने से बचा जा सके।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....