विद्यार्थियों को उद्योग जगत की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराने और व्यवहारिक ज्ञान प्रदान करने के उद्देश्य से आरकेडीएफ यूनिवर्सिटी, रांची के स्कूल ऑफ कॉमर्स एवं मैनेजमेंट द्वारा पार्ले-जी फैक्ट्री का औद्योगिक भ्रमण कराया गया। “क्लासरूम से इंडस्ट्री तक, ज्ञान से अनुभव तक” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने आधुनिक उत्पादन प्रणाली, गुणवत्ता प्रबंधन और औद्योगिक कार्यसंस्कृति को करीब से समझा।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने बिस्किट निर्माण की पूरी प्रक्रिया का अवलोकन किया। कच्चे माल की गुणवत्ता जांच, स्वचालित उत्पादन प्रणाली, आधुनिक बेकिंग तकनीक, गुणवत्ता नियंत्रण, पैकेजिंग, वेयरहाउसिंग, सप्लाई चेन मैनेजमेंट और वितरण व्यवस्था की जानकारी विशेषज्ञों ने विस्तार से दी। फैक्ट्री प्रबंधन ने बताया कि किसी भी सफल ब्रांड की पहचान गुणवत्ता, अनुशासन, तकनीकी दक्षता, नवाचार और ग्राहकों के विश्वास से बनती है।










इस अवसर पर पार्ले-जी प्लांट के निदेशक जगन्नाथ झा ने कहा कि आज उद्योगों को ऐसे युवा पेशेवरों की आवश्यकता है, जिनके पास मजबूत शैक्षणिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक समझ, समस्या समाधान की क्षमता और सकारात्मक कार्य दृष्टिकोण हो। उन्होंने विद्यार्थियों से लगातार सीखते रहने और नई तकनीकों के साथ स्वयं को अपडेट रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट प्रमुख अंकित प्रकाश, स्कूल ऑफ कॉमर्स एवं मैनेजमेंट की प्रमुख पूजा गुप्ता, डॉ. रंजीत कुमार, स्मिता सिन्हा, अनिमा एवं स्मृति सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों को उद्योगों में उपलब्ध करियर अवसरों और पेशेवर अपेक्षाओं की जानकारी दी।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एस. चटर्जी ने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप अनुभवात्मक शिक्षा (Experiential Learning) समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आरकेडीएफ यूनिवर्सिटी विद्यार्थियों को केवल डिग्री नहीं, बल्कि ज्ञान, कौशल, नवाचार और नेतृत्व क्षमता से युक्त सक्षम प्रोफेशनल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, विश्लेषणात्मक सोच और व्यावसायिक दृष्टिकोण विकसित करते हैं।
कुलसचिव डॉ. अमित कुमार पाण्डेय ने कहा कि विश्वविद्यालय उद्योग और शिक्षा के बीच मजबूत समन्वय स्थापित करने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। इसी उद्देश्य से इंटर्नशिप, इंडस्ट्री विजिट, लाइव प्रोजेक्ट, विशेषज्ञ व्याख्यान और प्लेसमेंट गतिविधियों का नियमित आयोजन किया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर रोजगार के अवसर भी मिल सकें।
ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट प्रमुख अंकित प्रकाश ने कहा कि “Learning Beyond Classrooms, Experience Beyond Books” केवल एक संदेश नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक कार्यप्रणाली का आधार है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी विभिन्न प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों के साथ ऐसे शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किए जाएंगे।
विद्यार्थियों ने इस औद्योगिक भ्रमण को अपने शैक्षणिक जीवन का प्रेरणादायक अनुभव बताते हुए कहा कि इससे उन्हें पुस्तकीय ज्ञान और वास्तविक औद्योगिक प्रक्रियाओं के बीच संबंध को समझने का अवसर मिला। इस अनुभव ने उनके भीतर उद्योग जगत में करियर बनाने के प्रति नया उत्साह और आत्मविश्वास भी पैदा किया।

