धनबाद मंडल में मेगा टिकट चेकिंग अभियान, 688 यात्री पकड़े गए; ₹6.45 लाख से अधिक जुर्माना वसूला

KK Sagar
1 Min Read

धनबाद: पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद मंडल में गुरुवार को बड़े पैमाने पर मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। दिन-रात संचालित इस विशेष अभियान के दौरान बिना टिकट और नियमों का उल्लंघन कर यात्रा करने वाले 688 यात्रियों को पकड़ा गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पकड़े गए यात्रियों में बिना टिकट यात्रा करने वाले, बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले तथा बिना बुक किए सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्री शामिल हैं। इनसे 6,45,315 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए। साथ ही सभी यात्रियों को भविष्य में वैध टिकट के साथ ही यात्रा करने की सख्त हिदायत दी गई।

अभियान के तहत टिकट जांच टीमों ने विभिन्न रेलवे स्टेशनों के अलावा मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में भी सघन जांच की। टिकट जांच अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की काफी भीड़ भी देखने को मिली।

धनबाद मंडल ने स्पष्ट किया कि टिकट जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे उचित टिकट लेकर ही प्लेटफॉर्म में प्रवेश करें तथा जिस श्रेणी का टिकट हो, उसी श्रेणी में यात्रा करें, ताकि अनावश्यक जुर्माने और कार्रवाई से बचा जा सके।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....