धनबाद और चास में गूंजा देशभक्ति का संदेश, एनसीसी कैडेटों ने निकाली ‘हर घर तिरंगा’ जागरूकता रैली

Reena Sharma
2 Min Read

धनबाद/चास। ‘हर घर तिरंगा 2026’ अभियान के तहत 5 झारखंड बटालियन एनसीसी के कैडेटों ने बुधवार, 12 अगस्त 2026 को धनबाद और चास में दो प्रमुख जागरूकता रैलियों का आयोजन किया। रैलियों के माध्यम से राष्ट्रीय गौरव, एकता और अनुशासन का संदेश दिया गया। यह अभियान वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर से भी जुड़ा है।

कमान अधिकारी कर्नल अनिमेष झा के मार्गदर्शन और नेतृत्व में सीनियर एवं जूनियर डिविजन के दर्जनों एनसीसी कैडेटों, एसोसिएटेड एनसीसी अधिकारियों (ANO), स्थायी अनुदेशक (PI) स्टाफ और गर्ल कैडेट इंस्ट्रक्टर ने शहर के प्रमुख क्षेत्रों में मार्च किया।

कैडेटों ने हाथों में तिरंगा लेकर और देशभक्ति से जुड़े बैनर प्रदर्शित करते हुए लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति जागरूक किया। इस दौरान देशभक्ति के नारों के माध्यम से स्थानीय निवासियों को 9 से 17 अगस्त तक अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया।

तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड करने की अपील

रैलियों के दौरान लोगों को अभियान के डिजिटल पहलू की जानकारी भी दी गई। कैडेटों ने बताया कि लोग तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड कर डिजिटल सरकारी प्रमाणपत्र प्राप्त कर सकते हैं। इस पहल के जरिए नागरिकों की अभियान में भागीदारी बढ़ाने और देशभक्ति की भावना को डिजिटल माध्यम से भी जोड़ने का प्रयास किया गया।

रैली के दौरान एनसीसी कैडेटों का अनुशासन, उत्साह और देशभक्ति लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। पूरे आयोजन के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया गया।

Share This Article