14 दिन की पुलिस रिमांड पूरी, 2.20 करोड़ के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा समेत तीन भेजे गए जेल

Reena Sharma
2 Min Read

धनबाद। 14 दिनों की पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद भाकपा माओवादी के पोलित ब्यूरो सदस्य और 2 करोड़ 20 लाख रुपये के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा समेत तीन हार्डकोर नक्सलियों को बुधवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। तीनों को कड़ी सुरक्षा के बीच धनबाद लाया गया। यहां सदर अस्पताल में मेडिकल जांच कराने के बाद जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई।

पुलिस रिमांड मिलने के बाद 31 जुलाई को मिसिर बेसरा समेत तीनों नक्सलियों को कड़ी सुरक्षा के बीच रांची ले जाया गया था। वहां करीब 11 दिनों तक NIA, IB और झारखंड पुलिस की टीमों ने उनसे पूछताछ की।

संगठन के नेटवर्क और फंडिंग को लेकर पूछताछ

पूछताछ के दौरान जांच एजेंसियों ने माओवादी संगठन के नेटवर्क, फंडिंग, हथियारों की सप्लाई और संगठन से जुड़े सहयोगियों के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया। करीब 11 दिनों की पूछताछ के बाद तीनों को वापस धनबाद लाया गया।

धनबाद लाए गए नक्सलियों में भाकपा माओवादी के पोलित ब्यूरो सदस्य मिसिर बेसरा उर्फ सागर उर्फ भास्कर उर्फ सुनिर्मल शामिल हैं। उनके ऊपर 2 करोड़ 20 लाख रुपये का इनाम घोषित है।

इसके अलावा 15 लाख रुपये के इनामी मेहनत उर्फ मोछू उर्फ विभीषण और गौरव उर्फ वीरेंद्र हांसदा उर्फ सौरभ को भी धनबाद लाया गया।

मेडिकल जांच के बाद भेजे गए जेल

धनबाद पहुंचने के बाद तीनों नक्सलियों को सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां मेडिकल जांच कराई गई। सुरक्षा के मद्देनजर अस्पताल और आसपास के क्षेत्र में पुलिस की कड़ी तैनाती की गई थी।

मेडिकल जांच पूरी होने के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Share This Article