डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : राष्ट्रीय राजमार्ग 49 (NH-49) पर बहरागोड़ा के खंडामौदा और छोटा अर्जुना के पास स्थित फलक इंडस्ट्रियल फ्यूल प्राइवेट लिमिटेड की यूनिट में बुधवार को तकनीकी खराबी व शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की ऊंची लपटों और काले धुएं ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के वक्त प्लांट में मौजूद कर्मचारियों ने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई, जिससे एक बड़ा जनहानि का हादसा टल गया।
50 मीटर दूर था पेट्रोल पंप, सहम गए लोग
हादसे के दौरान सबसे चिंताजनक बात यह रही कि आग लगने वाली जगह से महज 50 मीटर की दूरी पर एक इंडियन ऑयल का पेट्रोल पंप स्थित था। गनीमत रही कि दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस की मुस्तैदी से आग को समय रहते काबू में कर लिया गया, नहीं तो आग अगर पेट्रोल पंप तक पहुंच जाती तो स्थिति अत्यंत भयावह हो सकती थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नेशनल हाईवे पर वाहनों का आवागमन नियंत्रित किया।
सुरक्षा मानकों पर सवाल, ग्रामीणों में आक्रोश
इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में भारी नाराजगी और आक्रोश देखने को मिल रहा है। हाईवे और पेट्रोल पंप जैसे संवेदनशील स्थान के बेहद करीब ऐसी फ्यूल रिफाइनरी इंडस्ट्री के संचालन को लेकर लोगों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
ग्रामीणों ने मांग की है कि कंपनी की वैधता और एनओसी की उच्चस्तरीय जांच हो। फैक्ट्री में अग्नि सुरक्षा के मानकों का पालन हो रहा था या नहीं, इसकी निष्पक्ष जांच की जाए। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त सुरक्षा इंतजाम तय किए जाएं।

