बोकारो: बालीडीह थाना क्षेत्र के कुर्मीडीह से 6 जून को लापता हुए बच्चे को बोकारो पुलिस ने ओडिशा के पुरी से सकुशल बरामद कर लिया है। बच्चे की बरामदगी के बाद परिवार ने राहत की सांस ली है।
जानकारी के अनुसार, बच्चे के लापता होने के बाद परिजनों ने बालीडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना के निर्देश पर बच्चे की तलाश के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस टीमों ने बोकारो रेलवे स्टेशन समेत कुल आठ रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की। फुटेज में बच्चा बोकारो और मुरी रेलवे स्टेशन पर दिखाई दिया, जहां वह रेलवे स्टेशन और ट्रेन में सवार होते हुए नजर आया। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और सीसीटीवी साक्ष्यों के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस की और ओडिशा के पुरी से उसे सुरक्षित बरामद कर लिया।
बच्चे की बरामदगी के समय उसकी मां भी मौके पर मौजूद थीं। मुख्यालय डीएसपी ने बताया कि नाबालिग बच्चों के लापता होने के मामलों को लेकर न्यायालय भी बेहद गंभीर है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र पांच दिनों के भीतर बच्चे को खोज निकाला।
डीएसपी के अनुसार, बच्चे के पिता अमित गुप्ता एक आपराधिक मामले में जेल में बंद हैं, जबकि उसकी मां दिल्ली में कार्यरत हैं। पारिवारिक परिस्थितियों के कारण बच्चा मानसिक रूप से भटक गया था और इसी वजह से उसने घर छोड़ दिया था।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों और परिजनों ने सराहना की है। बच्चे को सुरक्षित वापस लाकर बोकारो पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय दिया है।

