आसनसोल। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र कुल्टी विधानसभा क्षेत्र शनिवार को पूरी तरह चुनावी रंग में रंग गया, जब भाजपा प्रत्याशी डॉ. अजय कुमार पोद्दार के समर्थन में एक भव्य और ऐतिहासिक बाइक रैली निकाली गई। सोदपुर से डिसेरगढ़ तक निकली इस मेगा रैली ने इलाके का माहौल हाई वोल्टेज कर दिया।
इस विशाल रोड शो में बॉलीवुड के महानायक मिथुन चक्रवर्ती की मौजूदगी ने कार्यक्रम में जबरदस्त ऊर्जा भर दी। खुली गाड़ी में सवार मिथुन को देखने के लिए हजारों समर्थक सड़कों पर उमड़ पड़े। जगह-जगह फूलों की बारिश, जयघोष और नारों से पूरा इलाका गूंज उठा, जिससे यह रैली शक्ति प्रदर्शन का बड़ा मंच बन गई।
रैली के दौरान मिथुन चक्रवर्ती ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि केंद्रीय बलों पर लगाए जा रहे आरोप बेबुनियाद हैं और यह संभावित हार की घबराहट को दर्शाते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केंद्रीय एजेंसियां स्वतंत्र रूप से काम करती हैं और किसी दबाव में नहीं आतीं।
भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के जोश ने साफ संकेत दिया कि कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की पकड़ मजबूत हो रही है। चुनाव से पहले हुए इस भव्य शक्ति प्रदर्शन ने राजनीतिक समीकरणों को नई दिशा दे दी है और मुकाबले को और भी दिलचस्प बना दिया है।

