मानसून ने पूरे देश में दस्तक दे दी है और हर तरफ पानी और बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। दिल्ली-एनसीआर से लेकर मुंबई और सूरत तक हर तरफ सड़क जलमग्न है। नदियां उफान पर हैं। इस बीच मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए अलर्ट जारी कर दिया है।
18 राज्यों के लिए भारी बारिश और तूफान की चेतावनी
मौसम विभाग ने 10 जुलाई के लिए दिल्ली, यूपी समेत 18 राज्यों के लिए भारी बारिश और तूफान की चेतावनी जारी कर दी है। इस दौरान 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के झोंके चलेंगे। देश के उत्तरी भागों में सबसे अधिक बारिश और आंधी का प्रहार देखा जा रहा है। लोगों से बहुत ही अधिक सावधानी बरतने की अपील की गई है।
बंगाल की खाड़ी से लेकर राजस्थान तक टर्फ
बंगाल की खाड़ी से लेकर उत्तर-पश्चिम राजस्थान तक फैली मानसूनी टर्फ, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बना स्पष्ट कम दबाव का क्षेत्र तथा सक्रिय मानसूनी हवाएं पूरे उत्तर, पूर्व और मध्य भारत में व्यापक असर डाल रही हैं। यही वजह है कि देश के अधिकांश राज्यों तक भारी बारिश, तेज आंधी और कई जगह ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है।
इन राज्यों में बारिश-आंधी की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक यूपी, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, झारखंड, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, मेघालय, महाराष्ट्र और केरल में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। कुछ राज्यों में बड़े-बड़े ओले गिरने की चेतावनी है।
दिल्ली-एनसीआर में मौसम सबसे ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना
दिल्ली-एनसीआर में 10 जुलाई को मौसम सबसे ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है। आईएमडी ने राजधानी में भारी बारिश, गरज-चमक और 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों से गैर-जरूरी यात्रा टालने, बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने और कमजोर पेड़ों या ढांचों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है। गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी भारी बारिश का असर देखने को मिल सकता है।
बिहार में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने बिहार के लिए भी चेतावनी जारी की है। गया, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, पटना, सारण, बक्सर, भोजपुर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, भागलपुर, कटिहार और किशनगंज में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से वज्रपात को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।
झारखंड में 60 से 70 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
हजारीबाग, रामगढ़, जामताड़ा, बोकारो, रांची, सिमडेगा, गिरिडीह, सरायकेला, दुमका, गुमला, खूंटी, धनबाद, देवघर और जमशेदपुर में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के झोंके चल सकते हैं। वहीं, रांची में कल यानी 10 जुलाई को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक जाएगा।

