20 जुलाई से शुरू होगा बिहार विधानमंडल का मानसून सत्र, सदन में नहीं दिखेंगे नेता प्रतीपक्ष तेजस्वी

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार विधानमंडल का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू हो रहा है। यह 5 दिवसीय सत्र 24 जुलाई तक चलेगा। पांच दिनों तक चलने वाला यह सत्र राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव इस बार सदन में नहीं दिखेंगे। वे फिलहाल देश से बाहर हैं। वहीं, पिछले 21 वर्षों में पहली बार ऐसा होगा जब विधानसभा की कार्यवाही में नीतीश कुमार मौजूद नहीं रहेंगे।

मानसून सत्र से पहले हुई सर्वदलीय बैठक

बिहार विधानसभा के मानसून सत्र से पहले शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी प्रमुख दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य 20 से 24 जुलाई तक चलने वाले मानसून सत्र को शांतिपूर्ण और सुचारु तरीके से संचालित करने को लेकर चर्चा करना था। बैठक में उपमुख्यमंत्री विजयेंद्र यादव भी मौजूद रहे। भाजपा की ओर से संजीव चौरसिया, राष्ट्रीय जनता दल की ओर से कुमार सर्वजीत, लोजपा (रामविलास) की ओर से प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, एआईएमआईएम के अख्तरुल इमाम, विधायक आईपी गुप्ता समेत कई जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

राजद के सर्वजीत बोले- नेता नहीं हैं तो क्या उनके सिपाही मौजूद

मानसून सत्र में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नहीं होने पर राजद की ओर से मुख्य सचेतक कुमार सर्वजीत इसमें शामिल हुए। तेजस्वी के बाहर होने के सवाल पर सर्वजीत ने कहा, क्या सबूत है कि तेजस्वी यूरोप गए हैं? अगर नेता प्रतिपक्ष नहीं हैं तो क्या हुआ, उनके सिपाही यहां मौजूद हैं। वे सदन में जनता की आवाज उठाएंगे। सर्वजीत ने यह भी कहा कि हत्या, किसानों की समस्याएं और कानून-व्यवस्था जैसे गंभीर मुद्दों पर सवाल पूछने के बजाय सिर्फ विपक्ष के नेता के होने या नहीं होने पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

मानसून सत्र में 5 बैठकें होंगी

5 दिनों तक चलने वाले मानसून सत्र में 5 बैठकें होंगी। पहले दिन 20 जुलाई को राज्यपाल से मंजूर अध्यादेश पटल पर रखे जाएंगे। वित्त मंत्री विजेन्द्र यादव चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली अनुपूरक व्यय विवरणी पेश करेंगे। 21 और 22 जुलाई, दो दिन राजकीय विधेयक और अन्य कार्य होंगे। 23 जुलाई को अनुपूरक व्यय विवरणी पर बहस होगी और विनियोग विधेयक पेश होगा। आखिरी दिन गैर सरकारी संकल्प लाए जाएंगे।

Share This Article