सिर्फ ममता बनर्जी के हाथ में मां काली का खड्ग शोभा देता है: तृणमूल सांसद

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क/कोलकाता : बंगाल की मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी की तुलना उनकी पार्टी के नेताओं द्वारा कभी श्री चैतन्य देव से, कभी मां शारदा से तो कभी मां दुर्गा व लक्ष्मी से की जाती रही है। इसी क्रम में अब हुगली से तृणमूल कांग्रेस की सांसद व अभिनेत्री रचना बनर्जी ने काली पूजा के अवसर पर कहा कि मां का खड्ग (शस्त्र) सिर्फ मुख्यमंत्री के हाथ में ही शोभा देता है।

उनकी यह टिप्पणी बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता व भाजपा विधायक सुवेंदु अधिकारी के उस हालिया बयान के बाद सामने आया है, जिसमें उन्होंने ममता सरकार पर हमला बोलते हुए कहा था कि अगर बंगाल को सीधा करना है, तो मां की तलवार उठानी होगी। पत्रकारों ने जब तृणमूल सांसद रचना से सुवेंदु की इस टिप्पणी के बारे में सवाल किया तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि मां की खड्ग सिर्फ एक ही व्यक्ति के हाथ में फिट बैठती है, वह हमारी मुख्यमंत्री हैं। किसी और के हाथ में नहीं।

तृणमूल सांसद ने केंद्रीय मंत्री सुकांत की तुलना राक्षस से की

दूसरी ओर एसआइआर के मुद्दे पर छिड़ी जुबानी जंग के बीच हुगली के श्रीरामपुर से तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद कल्याण बनर्जी ने भाजपा सांसद और केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री डा सुकांत मजूमदार की तुलना राक्षस से कर दी है। साथ ही उन्होंने सुवेंदु अधिकारी को पापी बताया। कल्याण ने सुकांत पर हमला बोलते हुए कहा कि अगले साल श्रीरामपुर में हम राक्षस थीम पर काली पूजा पंडाल भी बनवाएंगे। उनमें सुकांत का चेहरा राक्षस पर जंचेगा। सुकांत राक्षस जैसा दिखता है।

Share This Article