नगरपालिका चुनाव 2026: डीसी कर्ण सत्यार्थी ने की समीक्षा बैठक, बोले- ‘लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं’

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: नगरपालिका निर्वाचन-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में सभी निर्वाचित कोषांगों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि चुनाव कार्य में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कोषांगों को दिए गए कड़े निर्देश
​बैठक के दौरान उपायुक्त ने अलग-अलग कोषांगों की तैयारियों का जायजा लिया और दिशा-निर्देश जारी किए है।
निर्वाचन व कार्मिक कोषांग: टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी करने और मतगणना योजना का ड्राफ्ट फाइनल करने का निर्देश दिया गया। चुनाव ड्यूटी में तैनात होने वाले कर्मियों का डेटा पोर्टल पर अपडेट करने और मेडिकल बोर्ड के जरिए ड्यूटी से छूट संबंधी आवेदनों की जांच करने को कहा गया।
प्रशिक्षण कोषांग: चुनाव कर्मियों का प्रशिक्षण तीन चरणों में पूरा होगा। मास्टर ट्रेनर्स की योग्यता जांचने के लिए टेस्ट परीक्षा भी आयोजित की जाएगी।
मतपत्र व मतपेटिका: बैलेट बॉक्स के मेंटेनेंस का काम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने सख्त लहजे में कहा कि मतपत्रों में त्रुटि न हो, इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित निर्वाची पदाधिकारी की होगी।
सेक्टर मजिस्ट्रेट व परिवहन: सभी मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन कर वहां न्यूनतम सुविधाओं और रूट चार्ट की रिपोर्ट जल्द सौंपने को कहा गया। साथ ही, छोटी-बड़ी गाड़ियों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने का जिम्मा परिवहन कोषांग को दिया गया।
विधि-व्यवस्था व कंट्रोल रूम: क्षेत्र में धारा 144 लागू करने और आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साकची थाना में हेल्पलाइन और कंट्रोल रूम को सक्रिय कर संपर्क नंबर सार्वजनिक किए जाएंगे।

टीम वर्क पर जोर
​उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ काम करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।

Share This Article