24 घंटे में सुलझी पातरहातु गांव की मर्डर मिस्ट्री, जानें क्या थी असली वजह!

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : अवैध संबंध और आपसी रंजिश के चलते एक व्यक्ति को अपनी जान गंवानी पड़ी। कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के पातरहातु गांव में 53 वर्षीय कुंडिया सिंकू की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

पत्नी से अफेयर बना हत्या की वजह
​मामले की जानकारी देते हुए जगन्नाथपुर एसडीपीओ रफायल मुर्मू ने बताया कि मृतक कुंडिया सिंकू का गांव के ही कुशन हेम्ब्रम की पत्नी के साथ अवैध संबंध था। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी समय से तनाव और विवाद चल रहा था। समय के साथ यह रंजिश इतनी बढ़ गई कि कुशन ने अपने साथियों के साथ मिलकर कुंडिया को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।

लाठी-डंडों से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट
​बढ़ी रंजिश के बाद आरोपियों ने कुंडिया सिंकू को निशाना बनाया और डंडों से हमला कर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों—कुशन हेम्ब्रम (45), मंगल हेम्ब्रम उर्फ मंगल सिंह हेम्ब्रम (38) और गणेश हेम्ब्रम (29) को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तीन लकड़ी के डंडे भी बरामद कर लिए हैं।

पत्नी की शिकायत पर दर्ज हुई FIR, जेल भेजे गए आरोपी
​घटना के बाद मृतक की पत्नी मनीती कुई ने कुमारडुंगी थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) के तहत केस दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई। एसडीपीओ के मुताबिक मामले से जुड़े सभी कानूनी पहलुओं और साक्ष्यों की जांच पूरी कर ली गई है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Share This Article