बाराबनी में जनता के लिए खुला नया भरोसे का दरवाजा, रुपनारायणपुर में विधायक सेवा केंद्र शुरू

KK Sagar
2 Min Read

आसनसोल: बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के लोगों को बेहतर, पारदर्शी और त्वरित जनसेवा उपलब्ध कराने की दिशा में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। रुपनारायणपुर में विधायक अरिजीत रॉय ने अत्याधुनिक ‘विधायक सेवा केंद्र’ का विधिवत उद्घाटन किया। यह केंद्र आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निवारण, जनसमस्याओं के समाधान और जनता तथा जनप्रतिनिधि के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम बनेगा।

उद्घाटन समारोह में विधायक अरिजीत रॉय ने कहा कि जनप्रतिनिधि का सबसे बड़ा दायित्व जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। इसी उद्देश्य से इस सेवा केंद्र की स्थापना की गई है, ताकि बाराबनी विधानसभा क्षेत्र का प्रत्येक नागरिक बिना किसी परेशानी के अपनी शिकायतें और सुझाव सीधे यहां दर्ज करा सके।

उन्होंने बताया कि सेवा केंद्र में नियमित रूप से ‘जनता दरबार’ का आयोजन किया जाएगा, जहां क्षेत्रवासी व्यक्तिगत रूप से अपनी समस्याएं रख सकेंगे। प्राप्त शिकायतों पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

विधायक ने कहा कि यह सेवा केंद्र केवल एक कार्यालय नहीं, बल्कि जनता के विश्वास, सहभागिता और जवाबदेह प्रशासन का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने और विकास की इस यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान किया।

उन्होंने विश्वास जताया कि जनसहयोग और पारदर्शी कार्यप्रणाली के बल पर बाराबनी विधानसभा क्षेत्र को विकास, सुशासन और जनसेवा का एक आदर्श मॉडल बनाया जाएगा।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....