मिरर मीडिया : भारत में कोरोना की तीसरी लहर के समाप्ति के साथ कोरोना का नया वेरिएंट XE और कप्पा का पहला मामला मुंबई में मिला है। जानकारी के मुताबिक, 11वें जिनोम सिक्वेंसिंग के टेस्ट में 230 सैंपल में 228 ओमिक्रॉन के मरीज मिले। एक केस दुनियाभर में तेजी से फैल रहे XE वेरिएंट का और दूसरा केस कप्पा (Kapa) वेरिएंट का मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार XE वेरिएंट से संक्रमित मरीज एक 50 वर्षीय महिला है। जो टीका ले चुकी है। बीएमसी के मुताबिक, महिला 10 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका से लौटी थी। हाल में उसकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। देश में वापसी के दौरान भी उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। वहीं महिला में कोरोना का कोई लक्षण नजर नहीं आ रहा है।
कोरोना वायरस का नया म्यूटेंट XE के रूप में जाना जाता है। कई रिपोर्टों में ओमिक्रॉन के सब-वेरिएंट बीए.2 की तुलना में अधिक तेजी से फैलने वाला बताया गया है। इस बीच, टाटा इंस्टीट्यूट फॉर जेनेटिक्स एंड सोसाइटी ने कोविड-19 के नए म्यूटेंट को लेकर देश के नागरिकों से नहीं घबराने का आग्रह किया है। इसके साथ ही संस्थान ने नए वेरिएंट XE के विकास पर बारीकी से नजर रखने को भी कहा है।
हालांकि सूत्रों कि माने तो दुनिया भर में इससे जुड़े अब तक केवल 600 मामले सामने आए हैं।