नीतीश कुमार फिर बनेंगे जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष, कल करेंगे नामांकन

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार की राजनीति में एक बार फिर बड़ा संकेत मिला है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर बने रहने की मजबूत दावेदारी के साथ आगे बढ़ रहे हैं। नीतीश कुमार 19 मार्च यानी गुरूवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे। उनकी निर्विरोध जीत तय है और वे पार्टी की कमान संभालते हुए अपना चौथा कार्यकाल शुरू करेंगे।

पार्टी पर अपना कंट्रोल रखेंगे नीतीश

बिहार में दो दशक तक मुख्यमंत्री रहने के बाद नीतीश कुमार अब फिर से ‘सांसद’ बन गए हैं। उन्होंने राज्यसभा चुनाव जीत हासिल की है। नीतीश की जीत के बीच उनके इस्तीफे की तारीख की चर्चा भी तेज है। राजनीतिक गलियारों में नीतीश कुमार के इस्तीफे और फिर अगले सीएम को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं। इस बीच बड़ी खबर यह है कि नीतीश कुमार पार्टी पर अपना कंट्रोल रखते हुए जनता दल यूनाइटेड यानी जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहेंगे।

हर कार्यकर्ता चाहता है नीतीश राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहें- उमेश कुशवाहा

जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने स्पष्ट कहा है कि पार्टी का हर कार्यकर्ता और नेता चाहता है कि नीतीश कुमार ही राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहें। उन्होंने बताया कि नीतीश कुमार ने पहले ही आवश्यक दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर दिए हैं और 19 मार्च को पटना में नामांकन प्रक्रिया पूरी करेंगे।

पार्टी को टूट से बचाने के लिए फिर राष्ट्रीय अध्यक्ष बन रहे नीतीश ?

जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार नॉमिनेशन करेंगे। पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्विरोध चुना जाना तय है। नामांकन करेंगे तो पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का संबल होगा। विपक्ष का यह कहना ठीक नहीं कि पार्टी को एकजुट रखने, टूट से बचाने के लिए नीतीश कुमार फिर से राष्ट्रीय अध्यक्ष बन रहे हैं। जेडीयू को कोई नहीं तोड़ सकता।

नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 22 मार्च

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव की अधिसूचना पहले ही जारी हो चुकी है। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 22 मार्च तय की गई है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 23 मार्च को होगी और नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 24 मार्च है।

Share This Article