राज्यसभा सांसद की शपथ लेते ही नीतीश कुमार का बड़ा बयान, जानें क्या कहा

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को राज्यसभा सदस्य के तौर पर शपथ ग्रहण की। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने उन्हें पद की शपथ दिलाई। इस खास मौके पर जेपी नड्डा, निर्मला सीतारमण और अर्जुन राम मेघवाल जैसे दिग्गज केंद्रीय मंत्री और बिहार एनडीए के कई नेता उपस्थित थे। नीतीश कुमार शपथ ग्रहण करने के बाद आज शुक्रवार शाम को पटना लौट आएंगे। हालांकि, उन्होंने बिहार छोड़ने का संकेत दे दिया है।

नीतीश बोले- अपनी प्राथमिकताएं तय कर ली

राज्यसभा सांसद की शपथ लेने के बाद नीतीश कुमार ने दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने अपने भविष्य की योजनाओं को लेकर बड़े संकेत दिए। नीतीश कुमार ने स्पष्ट रूप से कहा कि उन्होंने अब अपनी प्राथमिकताएं तय कर ली हैं और वे अब राष्ट्रीय राजनीति या दिल्ली में अधिक सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं। 

पुराने संसद भवन को किया प्रणाम

शपथ लेने के बाद वे अपने सुरक्षा कर्मियों और अन्य कुछ लोगों के साथ नए संसद भवन से बाहर आए। बाहर आने पर उनकी नजर जैसे ही पुराने संसद भवन पर पड़ी तो वे कुछ क्षण तक उसे देखते रहे। इसके बाद उन्होंने अपना हाथ उठाया और संसद भवन की ओर से ऐसे हिलाया फिर अभिवादन की मुद्रा में हाथ भी जोड़े। उन्होंने पुराने संसद भवन को देखते हुए हाथ जोड़कर कहा- ”आपको प्रणाम कर रहे हैं। पहले तो हम यहीं न थे।”

तीन-चार दिन में बड़े बदलाव के संकेत

नीतीश कुमार ने अपने इरादे साफ करते हुए कहा, “हमने तो तय कर लिया है और आपको बता भी दिए हैं। वहां का (बिहार का) छोड़कर अब यहां का (दिल्ली का) करेंगे और यहीं रहेंगे।” जब उनसे बिहार के मुख्यमंत्री पद और वहां की जिम्मेदारियों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि वे तीन-चार दिन के बाद वापस जाएंगे और सब कुछ व्यवस्थित कर देंगे। उनके इस बयान को बिहार की सत्ता में बड़े बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

अब दिल्ली में रहकर काम करेंगे नीतीश

इससे पहले गुरुवार को दिल्ली पहुंचने पर नीतीश कुमार ने साफ कर दिया था कि अब उनका मुख्य फोकस राष्ट्रीय राजधानी पर रहेगा। उन्होंने कहा कि मैंने 20 सालों तक बिहार में काफी काम किया है और आगे भी करता रहूंगा। लेकिन अब मैं यहीं (दिल्ली) रहकर काम करूंगा। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका पटना आना-जाना लगातार बना रहेगा।

Share This Article