पीएम मोदी पर हमले की साजिश का खुलासा, बिहार के बक्सर से 3 युवक गिरफ्तार

Reena Sharma
3 Min Read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमले की साजिश का खुलासा हुआ है। पीएम मोदी पर कथित हमले की साजिश रचने के आरोप में बिहार के बक्सर से तीन युवको को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने विदेशी एजेंसी सीआईए को मैसेज भेजने के मामले में बक्सर पुलिस ने सिमरी थाना क्षेत्र से तीन लोगों को हिरासत में लिया है।

पीएम मोदी पर हमले का दिया था प्रस्ताव

बिहार की बक्सर पुलिस ने पीएम मोदी पर हमले की साजिश के आरोप में मुख्य आरोपी समेत तीन युवकों को पकड़ा है। मुख्य आरोपी एक साइबर कैफे चलाता है। इसी ने अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए को मेल कर पीएम मोदी पर हमला करने का प्रस्ताव दिया था। इसके एवज में विदेशी एजेंसी से पैसों की मांग भी की थी।

Advertisement

22 दिन के अंदर हमला करने की मोहलत

गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान सिमरी थाना क्षेत्र के आशा पड़री गांव निवासी अमल तिवारी के रूप में हुई है। आरोप है कि अमल ने अमेरिका की एजेंसी सीआईए को एक मैसेज भेजा था। मैसेज में उसने प्रधानमंत्री मोदी पर जानलेवा हमला करने की बात कही थी और इस काम को अंजाम देने के बदले मोटी रकम की मांग की थी। आरोपी ने इस कथित साजिश को पूरा करने के लिए 22 दिनों की मोहलत मांगी थी।

कोलकाता एयरपोर्ट को लेकर दे चुका है धमकी

अमेरिकी एजेंसी ने भारत सरकार को इस बारे में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। इस पूरे मामले को लेकर बक्सर के पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनसे पूछताछ की जा रही है। एसपी ने यह भी बताया कि आरोपी अमल तिवारी ने पहले भी कोलकाता एयरपोर्ट को लेकर धमकी दी थी और उस केस में उसकी गिरफ्तारी भी की गई थी।

मोबाइल और लैपटॉप खंगाल रही पुलिस

एसपी शुभम आर्य ने बताया कि जांच के दौरान मोबाइल और लैपटॉप खंगालने पर इस बात के संकेत मिले हैं कि आरोपी और उसके साथी साइबर माध्यम से इस तरह की गतिविधियों में शामिल थे। एसपी का कहना है कि इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। फिलहाल इस केस में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Share This Article