दिवाली और छठ के दौरान यात्रियों की भीड़ और कंफर्म टिकट की परेशानी को देखते हुए रेलवे ने बिहार के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। पूर्व मध्य रेलवे 67 जोड़ी यानी 134 स्पेशल ट्रेनें चलाएगा, जबकि बिहार से खुलने और गुजरने वाली ट्रेनों की कुल संख्या करीब 236 बताई गई है।
उत्तर बिहार के लिए 40 जोड़ी ट्रेनें
उत्तर बिहार के यात्रियों के लिए 40 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इनमें मुजफ्फरपुर, दरभंगा, जयनगर, सहरसा, बरौनी और सीतामढ़ी को दिल्ली, मुंबई समेत कई शहरों से जोड़ने वाली ट्रेनें शामिल हैं।
दक्षिण बिहार को मिलेंगी 27 जोड़ी ट्रेनें
दक्षिण बिहार के लिए 27 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की गई है। इनमें पटना, दानापुर और गया से दिल्ली सहित विभिन्न शहरों के लिए विशेष ट्रेनें शामिल हैं।
50 से ज्यादा शहरों से पटना की कनेक्टिविटी
रेलवे के अनुसार, पटना से 50 से अधिक शहरों के लिए ट्रेनें चलती हैं। त्योहारों के दौरान अतिरिक्त ट्रेनों से दूसरे राज्यों में रहने वाले लोगों को बिहार पहुंचने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
जरूरत के मुताबिक बढ़ सकते हैं ट्रेन के फेरे
पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ सरस्वती चंद्र के मुताबिक, यात्रियों की जरूरत पड़ने पर स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ाए जा सकते हैं। इस व्यवस्था का उद्देश्य त्योहारों में भीड़ और वेटिंग लिस्ट की परेशानी कम करना है।

