Bihar: बिहार में अब 16 लाख मजदूरों को सौगात, विश्वकर्मा पूजा पर नीतीश सरकार ने ट्रांसफर किए 802 करोड़ रुपये

Neelam
By Neelam
4 Min Read

बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की नीतीश कुमार सरकार एक के बाद एक कई बड़ी घोषणाएं की हैं। आज बुधवार को भी सीएम नीतीश ने राज्य के लाखों श्रमिकों के लिए बड़ा ऐलान किया। सीएम नीतीश ने बुधवार को विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर 16.4 लाख निर्माण श्रमिकों के खातों में लगभग 802 करोड़ रुपये के हस्तांतरण की घोषणा की। इतना ही नहीं नीतीश सरकार आज ‘मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना’ का एक वेब पोर्टल भी लॉन्च शुभारंभ किया।

कुल 802 करोड़ 46 लाख 45 हजार रुपये ट्रांसफर

विश्वकर्मा पूजा के मौके पर आज 16 लाख से ज्यादा श्रमिकों के खाते में 5000-5000 रुपये भेजे गए। आज 16 लाख 4 हजार 929 निर्माण श्रमिकों के खाते में वार्षिक वस्त्र सहायता योजना का पैसा आया। 5000 रुपये प्रति श्रमिक के हिसाब से कुल 802 करोड़ 46 लाख 45 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए।

सीएम नीतीश ने पोस्ट कर दी जानकारी

इससे पहले बुधवार सुबह ही नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में इस बात की घोषणा की। सीएम ने पोस्ट में लिखा कि यह सुखद संयोग है कि ‘बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड’ के तहत श्रमिकों के खाते में आज राशि हस्तांतरित की जा रही है। आज 16 लाख 4 हजार 929 निर्माण श्रमिकों के खाते में वार्षिक वस्त्र सहायता योजनान्तर्गत पांच हजार रुपए प्रति निर्माण श्रमिक की दर से कुल 802 करोड़ 46 लाख 45 हजार रुपए की राशि का सीधे उनके खाते में भेजी जा रही है। इससे निर्माण कार्यों में लगे श्रमिक वर्ग के लोगों का जीवन और बेहतर हो सकेगा एवं उनका सामाजिक एवं आर्थिक विकास होगा।

पीएम मोदी के जन्मदिन पर सौगात

सीएम नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पर लिखा कि आज सृजन के प्रणेता भगवान विश्वकर्मा की आराधना का दिवस है और आज ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का जन्मदिवस भी है। प्रधानमंत्री देश एवं नागरिकों के उत्थान के लिए पूरी निष्ठा के साथ बिना रूके, बिना थके लगातार परिश्रम कर रहे हैं। आज खास मौके पर मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना के वेब पोर्टल का भी शुभारंभ किया जा रहा है। समाज के अंतिम पायदान के लोगों को मुख्य धारा में लाने के लिए हमलोग शुरू से कार्य कर रहे हैं। आज राज्य जिस प्रकार विभिन्न क्षेत्रों में तरक्की के नए आयामों को छू रहा है, उसमें हमारे श्रमिक भाई-बहनों का अतुलनीय योगदान है। उनके विकास के लिए सरकार लगातार काम करती रहेगी।

क्या है वस्त्र सहायता योजना

बिहार सरकार रजिस्टर्ड मजदूरों के लिए कई तरह की योजनाएं चलाती है। बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत चलने वाली वार्षिक वस्त्र सहायता योजना के तहत साल में 5000 रुपये दिए जाते हैं। यह पैसा मजदूरों को वर्दी खरीदने के लिए मिलता है। बिहार सरकार की इस योजना का लाभ सिर्फ उन्हीं मजदूरों को मिलेगा, जिन्होंने बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत रजिस्ट्रेशन करा रखा है। रजिस्ट्रेशन के बाद ही बोर्ड की योजनाओं का लाभ मिल सकता है।

Share This Article